आगरालीक्स…आगरा में पेट्रोल से महंगी सीएनजी की शॉर्टेज. कहीं पंप बंद तो कहीं प्रेशर कम. वाहन चालक परेशान
शादियों के इस सीजन में आगरा में सीएनजी की शॉर्टेज हो गई है. पेट्रोल से महंगी बिक रही सीएनजी न मिल पाने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वाहन चालकों को कहीं पंप बंद मिल रहा है तो कहीं प्रेशर कम होने की शिकायत मिल रही है. वाहन चालकों की शिकायत है कि आगरा में पंप तो बहुत खुल गए हैं लेकिन हल्की सी डिमांड बढ़ते ही आपूर्ति खराब हो जाती है. वाहन चालकों का कहना है कि पंपों पर प्रेशर कम रहने से बहुत ही कम मात्रा में गैस चल पाती है. बीते चार पांच दिन से तो रात के समय कई पंपों पर बिना कारण बताए आपूर्ति बंद कर दी गई. इसके कारण जहां सीएनजी मिल रही है वहां वाहन चालकों की लाइनें लग रही हैं. वहीं इस संबंध में ग्रीन गैस लिमिटेड के मुख्य प्रबंधक का कहना है कि गैस की आपूर्ति सामान्य है. कभी—कभी रखरखाव के लिए पंप से कुछ अवधि के लिए आपूर्ति रोकी जाती है. वैसे कोई दिक्कत नहीं है.

आगरा में भारी तादाद में सीएनजी वाहन हैं. पेट्रोल के रेट अधिक होने के कारण लोगों ने सीएनजी वाहन खरीदे लेकिन बाद में सीएनजी पर भी महंगाई हो गई और अब इसके रेट पेट्रोल से भी ज्यादा महंगे हैं.