आगरालीक्स…आगरा एक ही दिन में बन गया शिमला. 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तापमान. ठंड ने छुड़ाई कंपकंपी…
आगरा में मौसम एक ही दिन में शिमला जैसा हो गया. कल तक जो दिन की धूप लोगों को राहत दे रही थी वह आज गायब रही. सुबह से आगरा कोहरे की घनी चादर में लिपटा नजर आया. एकदम बदले मौसम को देखकर लोगों की कंपकंपी छूट गई. सड़क पर दुकानों के बाहर अलाव जलते हुए दिखाई दिए. वहीं घर से बाहर निकलने वाले कंपकंपाते हुए ठंड में जाते हुए दिखाई दिए. हाइवे और एक्सप्रेस वे पर तो कोहरे का असर इतना था कि जरा सा दूर का कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा था. दोपहर 12 बजे तक कोहरे का प्रभाव देखा गया. इसके बाद सूर्य देव कुछ समय के लिए निकले लेकिन लोगों की कंपकंपी बंद नहीं हो सकी. शाम होने के बाद बच्चों से लेकर बड़े तक घरों में कैद ही रहे.

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया. कल तक आगरा का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस था जो कि आज सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा और ये सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा. मौसम विभाग के अनुसार नये साल तक कड़कड़ाती ठंड का सामना करना पड़ सकता है. न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने की संभावना है.