आगरालीक्स…आगरा में 20 और 22 साल पुराने दो एसिड अटैक के मुकदमे दर्ज. पुलिस कमिश्नर ने कहा—बिना लाइसेंस एसिड बिक्री पर होगा एक्शन
आगरा में एसिड अटैक के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बरतना और अभियान छेड़ना शुरू कर दिया है. पुलिस कमिश्नरेट आगरा में दो एसिड अटैक के मामले दर्ज किए गए हैं. बड़ी बात ये है कि इनमें एक मामला 20 साल पुराना है तो दूसरा मामला 22 साल पुराना है. एसिड अटैक पीड़िताओं ने पूर्व में परिस्थितिवश केस न दर्ज करा पाने की समस्या बताई थी लेकिन अब वे पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिदंर सिंह से मिलीं तो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
इस मामले में आगरा के पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह का कहना है कि आगरा में दो एसिड अटैक के मामले दर्ज किए गए हैं जो कि 20 और 22 साल पुराने हैं. पीड़िताओं ने किसी कारणवश या परिस्थितिवश उस समय मुकदमे दर्ज नहीं कराए थे, लेकिन उनसे बातचीत करके अब उनके मुकदमे दर्ज कराए गए है उन्होंने बताया कि आगरा में शीरोज कैफे को एसिड अटैक पीड़िताएं चला रही हैं. इनकी समस्याओं को लेकर सिविल सोसाइटी आफ आगरा के लोगों ने मुलाकात की. उन्होंने दो विक्टिम के केस दर्ज करने की बात कही. उनसे तहरीर लेकर एक एत्माद्दौला और दूसरा ताजगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है. इनकी जांच की जाएगी. एत्माद्दौला वाला मुकदमा अलीगढ़ के किसी थाने का है. इसकी इन्वेस्टीगेशन पहले यहां होगी और फिर बाद में अलीगढ़ से कराई जाएगी.
इसके अलावा एसिड पीड़िताओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा. इसके अलावा अन्य पीड़िताओं की भी समस्याओं को सुना गया. उन्होंने कहा कि इसके अलावा बिना लाइसेंस एसिड बिक्री पर एक्शन लिया जाएगा और इसके खिलाफ लगातार अभियान भी चलाया जाएगा जिसके लिए सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश जारी कर दिए गए हें.