आगरालीक्स…आगरा में दिनदहाड़े ज्वैलरी शोरूम में लूट से आक्रोशित व्यापारियों का ऐलान— नहीं खोलेंगे बाजार, जब तक नहीं होता घटना का खुलासा…
आगरा के लोहामंडी बाजार में दिनदहाड़े नारायण अग्रवाल के ज्वैलरी शोरूम में हुई लूट और इसके बाद बाजार में बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग से व्यापारियों में आक्रोश है. दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले बाजार में बदमाशों के फायरिंग करने से लोग दहशत में आ गए। व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी. पुलिस कमिश्नर डॉ’ प्रीतिंदर सिंह सहित अन्य अधिकारी भी पहुंच गए, पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है. बदमाशों की पहचान की जा रही है. इस घटना से व्यापारी दहशत में हैं. व्यापारियों ने घटना का खुलासा न होने तक बाजार बंद रखने का ऐलान किया है.
आगरा के लोहामंडी बाजार में नारायण अग्रवाल का ज्वैलरी शोरूम है. शनिवार दोपहर में वे ग्राहकों को ज्वैलरी दिखा रहे थे. इसी दौरान ज्वैलरी शोरूम में बदमाश घुस आए और ज्वैलरी लूट कर भागने लगे. ज्वैलर नारायण अग्रवाल ने शोर मचा दिया. बाइक से भागते बदमाशों का लोगों ने पीछा किया. ज्वैलरी लूट कर भागते एक बदमाश को लोगों ने पकड़ लिया, इसे देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, कई राउंड फायरिंग की। बदमाशों की फायरिंग से चार लोग घायल हो गए. बाजार में दहशत फैल गई, लोग दुकानों के अंदर घुस गए. फायरिंग करते हुए बदमाश भाग गए.

कमिश्नर ने दिया दो दिन में खुलासे का आश्वासन
घटना को लेकर आगरा के व्यापारियों ने रोष जताया है और पुलिस के सामने आक्रोश भी प्रकट किया. कमिश्नर ने दो दिन का समय लेते हुए कहा कि लुटेरों को पकड़ लिया जायेगा और घटना का खुलासा कर दिया जायेगा. घटना के बाद आगरा व्यापार मंडल के जय पुरसनानी और आगरा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल पहुंच गए और अधिकारियों से घटना के खुलासे की मांग की. आगरा व्यापार मंडल के समस्त पदाधिकारी भी काफी संख्या में पहुंच गये और डीसीपी सिटी विकास कुमार को अवगत कराया और ऐलान किया कि जब तक घटना का खुलासा नहीं होता तब तक बाजार बंद रहेगा. अध्यक्ष तरूनसिंह ने काफी रोष प्रकट करते हुए कहा कि इतनी दुस्साहसिक घटना पहली बार इस भीड़ भाड़ वाले क्षेत्र में हुई है. जब तक लुटेरों को पकडा नहीं जाता मार्किट बंद रहेगा.