आगरालीक्स ……आगरा में रहस्यमय तरीके से लापता हुए मार्केटिंग मैनेजर की कार यमुना के बीच में रेत में धंसी मिली, रेस्क्यू आपरेशन जारी। अभी मार्केटिंग मैनेजर का पता नहीं चला है।

आगरा के पुष्पांजलि सीजन में फ्लैट नंबर 504 में रहने वाले 55 साल के प्रकाश पेरवानी जीवनी मंडी स्थित एक पेपर की कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर हैं। वे अपनी बुजुर्ग मां के साथ घर पर रहते हैं, दो बेटियां हैं। शनिवार रात को वे शादी समारोह में शामिल होने के लिए जतिन रिसोर्ट 100 फीट रोड पर आए थे, देर रात घर के लिए लौटे, लेकिन घर नहीं पहुंचे। सीसीटीवी में शनिवार रात 12 .12 बजे उनकी कार पुष्पा फार्म हाउस के पास दिखाई दी, यहां से उनका घर 300 मीटर दूर है लेकिन वे घर नहीं पहुंचे। रात 12.15 पर उनका मोबाइल भी बंद हो गया था। इसके बाद कोई सीसीटीवी भी नहीं है जिससे पता चल सके कि वे कहां हैं। परिजनों के गुमशुदगी लिखाने के बाद पुलिस तलाश में जुटी हुई थी।
यमुना में रेत में धंसी मिली कार
सोमवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि दयालबाग क्षेत्र में यमुना में कार डूबी हुई दिखाई दे रही है। पुलिस गोताखोरों को लेकर पहुंची। कार यमुना में रेत में फंसी हुई थी, गोताखोरों को यमुना में उतारा गया। प्रकाश पेरवानी के घर से कार की दूसरी चाबी मंगाई गई, जिससे कार को खोला जा सके लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। कार को बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई, लेकिन क्रेन यमुना किनारे तक नहीं पहुंच सकी।
सुबह दोबारा चलेगा रेस्क्यू आपरेशन
रात के चलते रेस्क्यू आपरेशन रोक दिया गया, अब सुबह दोबारा से रेस्क्यू आपरेशन चलेगा, पीएसी के गोताखोरों को भी बुलाया गया है।
कोहरे के कारण कार सहित यमुना में गिरने की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया है कि शनिवार को घना कोहरा था, संभवत कोहरे के कारण रास्ता दिखाई न दिया हो और कार सहित यमुना में गिर गए हैं। हालांकि, अभी रेस्क्यू आपरेशन जारी है, रेस्क्यू आपरेशन पूरा होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।