आगरालीक्स…आगरा सहित यूपी की सभी मेट्रो परियोजनाएं सपा की सौगात. जी20 एक बहाना. आगरा आए अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर जमकर साधा निशाना…
आगरा में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया और योगी सरकार और उनकी नीतियों पर जबर्दस्त तरीके से निशाना साधा. आगरा में चल रही जी20 को लेकर उन्होंने योगी सरकार के लिए कहा कि यह एक बहाना है और लोगों के साथ धोखा है. उन्होंने कहा कि यूपी में जितनी भी मेट्रो परियोजनाएं चल रही हैं वह समाजवादी पार्टी की सरकार की सौगात है. उन्होंने प्रदेश सरकार की इन्वेस्टर मीट पर भी सवाल उठाया और सरकार पर निशाना साधा.
अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश के सभी उद्योगपतियों को भाजपा की दोस्ती की जरूरत है. उन्होंने आगरा में चल रही जी20 की तैयारियों को लेकर कहा कि अगर सरकार समाजवादी सरकार के कामों को आगे बढ़ाती तो आखिरी समय में इतनी तैयारियों की जरूरत नहीं पड़ती. अखिलेश ने कहा कि योगी सरकार मे ंचल रहीं मेट्रो परियोजनाएं समाजवादी पार्टी की देन है. आगरा, लखनऊ, कानपुर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद में मेट्रो समाजवादियों की देन है. हमने देश का पहला साइकिल ट्रैक बनाया और इतना बड़ा हाइवे भी बनाया.
अखिलेश यादव ने बजट पर कहा कि आगरा को क्या मिला, कुछ नहीं. आगरा में व्यापारी काम करना चाहते हैं लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला. उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी सरकार नहीं दे पाई. पहले तो सरकार केवल किसानों को ही धोखा दे रही थी बल्कि अब तो नौजवानों के साथ पढ़े लिखे, टाई लगाने वालों और उद्योगपतियों को भी धोखा दिया जा रहा है.