आगरालीक्स…संडे को ताजमहल रहेगा बंद. एक दिन पहले आगरा फोर्ट में भी आम पर्यटकों की रहेगी नो एंट्री…
आगरा जी 20 देशों की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुका है. खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक वीआईपी रोड को पूरी तरह से सजाया जा चुका है और चौराहों को आकर्षक बनाया गया है. सड़क किनारे दीवारों पेंटिंग्स हों या फिर डिवाइडरों पर प्लांटेशन..हर तरीके से शहर की सुंदरता को बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं. 10 फरवरी को आगरा में ये वीवीआईपी आ जाएंगे वे यहां पर ताजमहल और आगरा फोर्ट सहित कई स्मारकों का दीदार भी करेंगे. ऐसे में उनके स्वागत में किसी तरह की कोई बाधा उत्पन्न न हो इसके लिए पूरे बंदोबस्त भी किए गए हैं.

ताजमहल और आगरा किला रहेंगे बंद
जी20 में शामिल वीवीआईपी ताजमहल, आगरा किला सहित कई स्मारकों को देखने जाएंगे. ऐसे में प्रशासन की ओर से 11 फरवरी शनिवार को आगरा फोर्ट तो 12 फरवरी यानी संडे को ताजमहल आम पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे. एएसआई द्वारा इसकी सूचना पहले ही जारी कर दी गई है और पर्यटक इन दिनों में स्मारकों का दीदार करने न पहुंचें, इसके लिए वेबसाइट पर भी सूचना जारी की गई है जिससे पर्यटक आनलाइन टिकट बुक न कर सकें.
ये है पूरा कार्यक्रम
10 फरवरी की शाम 4:30 बजे 180 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल आगरा पहुंचेगा. यह प्रतिनिधिमंडल 11 और 12 फरवरी को आगरा में ही रहेगा और 13 फरवरी की सुबह नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे. डेलीगेशन ताजमहल सहित अन्य स्मारकों का भ्रमण करेंगे. इसके अलावा होटल ताज कन्वेंशन में महिला सशक्तिकरण को लेकर बैठक की जाएगी.