आगरालीक्स…दुखद. आगरा में हाइवे पर इंटर की परीक्षा देकर लौट रहे तीन स्टूडेंट्स को ट्रक ने मारी टक्कर. एक छात्रा की मौत…
आगरा में गुरुवार को ग्वालियर हाइवे पर दर्दनाक हादसा हो गया. इंटर की परीक्षा देकर बाइक से लौट रहे तीन स्टूडेंट्स को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी जिसमें एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो छात्र बुरी तरह से घायल हो गए. घायल छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए.
घटना थाना सैंया के गांव बाद स्थित पुल के पास की है. आगरा के रहने वाले ध्रुव पुत्र मुकेश, काजल पुत्री मुकेश तथा अनुपम पुत्री गंगा प्रसाद निवासी सदर एक ही बाइक पर सैंया स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने के लिए गए थे. परीक्षा समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से ही घर वापस लौट रहे थे कि ग्वालियर हाइवे पर बाद स्थित रेलवे पुल पर इनकी बाइक को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे तीनों ही स्टूडेंट चलती बाइक से बुरी तरह नीचे गिर गए. हादसे में मौके पर ही अनुपम पुत्री गंगा प्रसाद निवासी सरस्वती विहार सेवला थाना सदर की मौत हो गई जबकि काजल और ध्रुव दोनों बुरी तरह से घायल हो गए.

सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया है जबकि अनुपम की लाश को पोसटमार्टम के लिए एसएन भेज दिया गया. सूचना पर परिजन भी एसएन पहुंच गए. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.