आगरालीक्स…आगरा में यूनिवर्सिटी के एनएसएस के 10 स्वयंसेवक पटियाला (पंजाब) रवाना. राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में करेंगे प्रतिनिधित्व
राष्ट्रीय एकीकरण शिविर के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ (एनएसएस) के 10 स्वयंसेवकों का चयन हुआ है। सभी 16 से 22 फरवरी 2023 तक पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला (पंजाब) में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकीकरण शिविर में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रामवीर सिंह चौहान ने बताया कि चयनित स्वयंसेवकों में आगरा कॉलेज से शुभम सिंह, दिया धाकड़, सेंट जॉन्स कॉलेज से आस्था अग्रवाल, आरबीएस कॉलेज आगरा से शिवा दीक्षित, शिवानी राठौर, हिमांशु, बी डी जैन कन्या महाविद्यालय से स्वयंसेविका भारती कुशवाह, राजकीय महाविद्यालय मांट मथुरा से दिव्या व डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्विद्यालय परिसर से स्वयंसेवक रोशन सिंह माहौर, अभिषेक खन्ना शामिल हैं।

इस सात दिवसीय शिविर में देश के 12 राज्यों से 200 स्वयंसेवक प्रतिभाग करेंगे। उत्तर प्रदेश राज्य का प्रतिनिधित्व आगरा विवि के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक करेगें। विवि कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि गत वर्षो से आगरा विवि के स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय पटल पर आयोजित होने वाले शिविरों में प्रतिभाग कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है, यह गर्व की बात है। इस अवसर पर विवि कुलपति प्रो. आशु रानी, प्रति कुलपति प्रो. अजय तनेजा ने सभी चयनित स्वयंसेवकों को शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के हेतु शुभकामनाएं दीं। विवि कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्रो. संजीव शर्मा, प्रो. संजय चौधरी, प्रो. शरद उपाध्याय साथ ही शिव कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।