आगरालीक्स…आगरा में विदाई से पहले बोर्ड परीक्षा. शादी के बाद विदाई से पहले नई नवेली दुल्हन देने गई एग्जाम. सजी—धजी कार में दूल्हा करता रहा इंतजार
बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और शादियों का भी सीजन चल रहा है. आगरा में एक दुल्हन शादी के बाद अपनी विदाई से पहले बोर्ड परीक्षा देने के लिए गई. माथे पर ताजा सिंदूर, हाथों में मेहंदी लगाई दुल्हन इंटरमीडिएट की दूसरी पाली की परीक्षा देने के लिए केंद्र पर पहुंची तो यहां भी वह अन्य परीक्षार्थियों के बीच आकर्षक का केंद्र रही. इस दौरान सुबह से सजीधजी कार में दूल्हा उसके आने का इंतजार करता रहा. शाम को जब वह परीक्षा देकर घर पहुंची जिसके बाद विदाई का कार्यक्रम किया गया.

मामला बरौली अहीर के सेमरी का है. यहां रहने वाली आशा कुशवाह की 15 फरवरी को शादी थी. रात को बारात धूमधाम से आई और इसके बाद शादी के सभी कार्यक्रम संपन्न कराए गए. सुबह के समय फेरे हुए और इसके बाद विदाई की तैयारियां शुरू हो गईं. लेकिन आशा की आज दूसरी पाली में इंटर की बोर्ड परीक्षा थी. ऐसे में अगर वह विदा होकर चली जाती तो परीक्षा छूट जाती. उसने साफ कह दिया कि वह बिना परीक्षा दिए ससुराल नहीं जाएगी. इस पर घराती और बाराती राजी हो गए.
शाम की पाली में नई नवेली दुल्हन आशा बीआरआई इंटर कॉलेज बिलहैनी में परीक्षा देने के लिए पहुंची और इधर दूल्हा सजी धजी कार में उसके आने का इंतजार करता रहा. परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम को वह घर पहुंची जिसके बाद विदाई की रस्म पूरी की गई.