आगरालीक्स…. आगरा पुलिस ने पूरी तरह से जल चुके शव की शिनाख्त के लिए पहली बार फेशियल रिकंस्ट्रक्शन से चेहरा तैयार किया है। उम्मीद है कि 22 साल की युवती का पता चल सके, पुलिस को दे सकते हैं सूचना।

यमुना एक्सप्रेस वे पर आगरा के खंदौली टोल से पहले छह फरवरी 2021 को सड़क किनारे एक महिला का जला हुआ शव मिला था। महिला का चेहरा पूरी तरह से जल चुका था। युवती की हत्या करने के बाद शव की शिनाख्त न हो सके इसके लिए पेट्रोल डालकर जलाने की आशंका है। चूंकि चेहरा पूरी तरह से जल चुका था इसलिए दो साल बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
फेशियल रिकंस्ट्रक्शन कर वैज्ञानिकों ने बनाया चेहरा
युवती का चेहरा पूरी तरह से जला हुआ था। वह पीली छींटदार साड़ी, काला ब्लाउज, काला पेटीकोट, पीली छातु का काले मोती का मंगलसूत्र पहने हुई थी। पैरों में बिछुए थे, काफी प्रयास के बाद भी युवती की शिनाख्त नहीं हो सकी। ऐसे में पुलिस ने वैज्ञानिकों की मदद से युवती का फेशियल रिकंस्ट्रक्शन कराया है।
पुलिस को दे सकते हैं सूचना
फेशियल रिकंस्ट्रक्शन के बाद युवती के फोटो को सोशल मीडिया के माध्यम से वायरल किया गया है, जिससे युवती की शिनाख्त हो सके। आगरा के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिंदर सिंह का कहना है कि किसी व्यक्ति को पता चले तो वह युवती के बारे में जानकारी दे सकता है।