आगरालीक्स…आगरा में 7 दिन में पकड़े गए IPL में ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले 32 सटोरिए. इनके पास से कितना कैश और मोबाइल मिले, जानकर उड़ जाएंगे होश
आईपीएल का रोमांच अपने शिखर पर धीरे—धीरे पहुंचने लगा है. एक सप्ताह के अंदर ही कई टीमों ने अपनी मजबूत स्थिति बना ली है तो कई टीमें अभी भी संघर्ष कर रही हैं. लेकिन जब से आईपीएल शुरू हुआ है तब से आगरा में पुलिस भी अलर्ट हो गई है. आनलाइन आईपीएल में सट्टा लगाने वाले सट्टेबाजों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और सट्टेबाजों को पकड़ा जा रहा है.

आगरा पुलिस ने एक सप्ताह में आईपीएल आनलाइन सट्टेबाजी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए कुल 32 सटोरियों को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 21 लाख 22 हजार 30 रुपये, दो कार, 71 मोबाइल, 7 लैपटॉप और एक एलईडी सहित कई अन्य सामान भी बरामद किया है.
कारोबारी और नवयुवक शामिल
पुलिस के अनुसार जुआ, सट्टा के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के दौरान संज्ञान में आया है कि कुछ कारोबारी और नवयुवक आईपीएल आनलाइन सट्टा खेलने में शामिल हैं जबकि यह एक कानूनी जुर्म है. पुलिस ने आगरा के लोगों से अपील भी की है कि कोई भी व्यक्ति जुआ, सट्टा आदि खेलने में शामिल न हो ओर किसी परिवारी और परिचित को भी ऐसा न करने दें. यदि भविष्य में किसी भी व्यक्ति की जुआ व सट्टा खेलने में संलिप्तता पाई जाती है तो आगरा पुलिस को ऐसे लोगों के खिलाफ विधिक कार्यवाही के लिए बाध्य होना होगा.