आगरालीक्स ….आगरा में मतदाता सूची में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी के स्वर्गीय बहन बहनोई का नाम है, आठ साल पहले हुई मौत। दूसरी तरफ मतदाता सूची में नाम न होने से हजारों लोग नहीं डाल सके वोट, कौन जिम्मेदार.

पहले चरण में चार मई को आगरा नगर निगम के लिए गुरुवार सुबह से शाम छह बजे तक मतदान हुआ। बड़ी संख्या में लोगों को मतदाता सूची में नाम न होने पर मतदान केंद्र से वोट डाले बिना लौटना पड़ा।
आठ साल पहले मौत, फिर भी सूची में नाम
इससे इतर नगर निगम चुनाव के लिए तैयारी गई मतदाता सूची में उन लोगों का भी नाम शामिल है जिनका निधन हो चुका है। प्रताप नगर जयपुर हाउस निवासी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की बहन कमला दीक्षित और उनके पति नंदगोपाल दीक्षित का निधन 2015 में हो चुका है लेकिन मतदाता सूची में इन दोनों का नाम है। यही नहीं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के भांजे अजय दीक्षित का निधन 2005 में और दूसरे भांजे अनिल दीक्षित का निधन 2008 में हो चुका है, इनके नाम भी मतदाता सूची में शामिल हैं। आगरा के बिक्री कर कार्यालय में मतदान के लिए पहुंची राज्य महिला आयोग की निवर्तमान सदस्य, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भांजा बहू निर्मला दीक्षित स्वर्गीय अजय दीक्षित की पत्नी का कहना है कि विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में नाम कट चुका है लेकिन नगर निगम की मतदाता सूची में नाम हैं, मतदान करने के लिए सभी की पर्ची भी घर पर पहुंच गई।