आगरालीक्स…आगरा में 2000 का नोट बदलने का पहला दिन. एक्सचेंज करवाने पर बैंकों में भरवाए गए फार्म. आईडी भी मांगी. पर नहीं हुई कोई परेशानी
रिजर्व बैंक आफ इंडिया के निर्देशों के अनुसार आज 2000 के नोट को एक्सचेंज करने का पहला दिन रहा. एसबीआई को छोड़कर अधिकतर बैंकों में 2000 के नोट को एक्सचेंज कराने के लिए फार्म भी भरवाए गए और आईडी की फोटोकॉपी भी मांगी. यही नहीं आईडी की फोटोकॉपी के साथ उसकी मूल कॉपी भी दिखाने के लिए कहा गया. हालांकि इन सबके बीच लोगों को 2000 का नोट बदलने के लिए कोई खास परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा. बैंक कर्मचारियों की मानें तो अधिकतर लोग अपने खाते में ही 2000 का नोट जमा कराने के लिए आ रहे हैं और उन्हें जमा करने के लिए कोई परेशानी नहीं हो रही है. हालांकि जिन लोगों का बैंक में खाता नहीं है और उन लोगों को 2000 का नोट एक्सचेंज कराने बैंक जा रहे हैं तो उनसे फार्म भी भरवाया गया और आईडी भी मांगी गई.

बता दें कि 19 मई को भारतीय रिजर्व बैंक ने 2000 के नोट को प्रचलन से बाहर करने का फैसला सुनाया. निर्देशों के तहत लोग 2000 के नोट को 23 मई से 30 सितंबर तक किसी भी बैंक शाखा में जाकर एक्सचेंज करा सकते हैं और अपने खाते में भी जमा करा सकते हैं. यह नोट पूरी तरह वैध रहेगा. हालांकि बाजारों में 2000 के नोट को लेकर अलग ही रुख देखा जा रहा है. कैश में भुगतान करने वाले अधिकतर लोग 2000 का नोट ही थमा रहे हैं.