आगरालीक्स… सुखद…, आगरा में वृद्धाश्रम पहुंचे रिटायर बैंक मैनेजर से उनके आईएएस और व्यापारी बेटे ने मांगी माफी, घर से अपमानित होने पर आए बुजुर्ग 24 घंटे बाद ही अपने बेटों के पास चले गए।

आगरा के बल्केश्वर के रहने वाले बैंक मैनेजर के पद से रिटायर 78 वर्ष के बुजुर्ग शनिवार को रामलाल वृद्धाश्रम पहुंचे, वहां उन्होंने वृद्धाश्रम के प्रबंधन को बताया कि उनकी बल्केश्वर में कोठी है, एक बेटा आईएएस और दिल्ली में तैनात है। जबकि दूसरा बेटा व्यापारी है और कमला नगर में रहता है, वे कोठी में पत्नी के साथ रहते हैं। उनके साथ पत्नी और बेटे अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं। उन्हें अपमानित करते हैं इसलिए वृद्धाश्रम में रहने के लिए आए हैं।
बेटों ने मांगी माफी
इस मामले के मीडिया में सुर्खियों में आने के बाद बुजुर्ग के दिल्ली में कार्यरत आईएएस बेटे ने वृद्धाश्रम प्रबंधन से संपर्क कर पिता से बात की, उनसे माफी मांगी और कहा कि अब वे उनके पास रहेंगे। उन्हें वृद्धाश्रम में नहीं रहना है। वहीं, कमला नगर में रह रहे व्यापारी बेटे ने भी अपने परिचितों के माध्यम से संपर्क किया, शपथ पत्र दिया है कि अब ऐसा नहीं होगा। इसके बाद बुजुर्ग अपने बच्चों के पास वृद्धाश्रम से चले गए।