आगरालीक्स…बहू ने मेरे पर हाथ उठाया, रातभर सो नहीं पाया. इसे सहन नहीं कर पाया तो सुबह कुल्हाड़ी से काट दी बहू की गर्दन…
आगरा में आज सनसनीखेज वारदात सामने आई. किरावली थाना के गांव मलिकपुर में एक ससुर ने कुल्हाड़ी से अपनी बेटे की पत्नी की गर्दन धड़ से अलग कर हत्या कर दी. हत्या करने के बाद आरोपी ससुर थोड़ी देर दरवाजे पर बैठा और फिर बाद में थाने पहुंच गया. यहां उसने पुलिस को बताया कि मैंने अपनी बहू को काट डाला है. उसने मेरे ऊपर हाथ उठाया था. पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के आंगन में बहू का शव पड़ा था और उसका सिर धड़ से अलग था.
किरावली के गांव मलिकपुर में रघुवीर सिंह रहते हैं. उनके दो बेटे हैं. बड़े बेटे का निधन हो चुका है और छोटा बेटा यूपी पुलिस में कांस्टेबल है और फिलहाल वह फर्रूखाबाद में तैनात है. गौरव की पत्नी प्रियंका गांव में ही रहती है. मंगलवार ुसबह प्रियंका घर में खाना बना रही थी कि तभी उसका ससुर पीछे से कुल्हाड़ी लेकर आया और उसकी गर्दन पर वार कर दिया. इससे बहू प्रियंका वहीं गिर गई. इसके बाद आरोपी रघुवीर ने उसकी सिर काट कर धड़ से अलग कर दिया. वारदात के समय बड़े बेटे की बहू भी वहां थी उसने शोर मचाया तो शोर सुनकर रघुवीर उसे भी मारने दौड़ा मगर जैसे तैसे बड़ी बहू वहां से भाग गई.

इसे बाद हत्यारोपी ससुर घर के दरवाजे पर बैठ गया. शोर सुनकर उनका भाई महावीर वहां पहुंचा तो उसने आंगन में प्रियंका का शव पड़ा देखा. इस पर उसने भी शोर मचाया तो रघुवीर ने उस पर भी हमला करने का प्रयास किया और बाद में वहां से थाने पहुंच गया. यहां उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि बहू ने मुझ पर हाथ उठाया, इसलिए मार डाला. पुलिस पूछताछ में रघुवीर ने बताया कि सोमवार शाम को प्रियंाक का झगड़ा बड़ी बहू से हो रहा था. उसने प्रियंका को समझाने का प्रयास किया लेकिन उसने मुझ पर ही हाथ उठा दिया. इसे मैं सहन नहीं कर सका और पूरी रात नहीं सो पाया. आज सुबह आवेश में आकर उसने अपनी बहू प्रियंका की गर्दन काटकर हत्या कर दी.