आगरालीक्स…आगरा में विंग कमांडर के पास आया फोन. कहा, तुम्हारी पर्सनल वीडियो हमारे पास है, इज्जत और जान प्यारी है तो 70 लाख रुपये दे दो
आगरा में तैनात एक इंडियन एयरफोर्स के विंग कमांडर से 70 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है. रंगदारी मांगने वाले शातिरों ने उनका इलेक्ट्राॅनिक गैजेट्स हैक कर लिया है और फोन करके कहा है कि तुम्हारी पर्सनल वीडियो हमारे पास है. इज्जत और जान प्यारी है तो 70 लाख रुपये दे दो. रुपये न देने पर सोशल मीडिया पर गलत मैसेज वायरल कर बदनाम कर दिया. विंग कमांडर की तहरीर पर थाना शाहगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है.

विंग कमांडर ने पुलिस को बताया कि वह 14 साल से वायु सेना में है. वर्तमान में आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर कम्बेटेंट और कमीशंड अधिकारी के रूप में चिकित्सा विभाग में तैनात है. उनका आवास भी यही है. उन्होंने बताया कि 2 जून को उनके पास एक नंबर पर इंटरनेट काॅल आई. दूसरी तरफ से बताया कि घर का इंटरनेट सर्वर और उससे जुड़े सभी इलेक्ट्रानिक उपकरण, मोबाइल, लैपटाॅप सब हैक हैं. अगली काॅल उठा लेना और अगर किसी को कुछ बताया तो तुम्हारी मौत निश्चित है.
विंग कमांडर ने स्टेशन के आईटी स्पेशलिस्ट से जांच कराई तो पता चला कि एक मोबाइल नंबर ने उनका वाईफाई और सभी गैजेटस को हैक कर रिमोट पर ले रखा है. विंग कमांडर ने बताया कि शाम सात बजे दोबारा काॅल आया और काॅलर ने कहा कि तुम्हारे पर्सनल वीडियो और फोटो जो कहीं दिखाने लायक नहीं है. सेना के सभी महत्वपूर्ण कागजात और जानकारी भी हमारे पास है. उसने कहा कि अगर जान और इज्जत प्यारी है तो वो सात लोग हैं और प्रति व्यक्ति के 10 लाख के हिसाब से 70 लाख रुपये कल सुबह दस बजे तक दे देना.
काॅलर ने ये भी कहा कि अक्की भाई के पास तुम्हारा सारा डेटा रखा हुआ है. वायरल करने में टाइम नहीं लगेगा. काॅलर ने ये भी कहा कि अरग पैसा नहीं मिला तो तुम्हें आतंकवादियों से साठगांठ, सेना के हथियारों की तस्करी जैसे मामलों में फंसा कर नौकरी से निकलवा देंगे और जेल भिजवा देंगे. मौका मिला तो तुझे मार भी देंगे. विंग कमांडर ने बताया कि दूसरे दिन दोबारा धमकी भरा काॅल आया. जब उसने पैसे न देने को कहा तो उन लोगों ने वाईफाई और मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर गलत मैसेज और वाॅयस मैसेज बनाकर वायरल कर दिया.
विंग कमांडर ने जब मामले की जानकारी की तो पता चला कि यह एक गैंग है जो कि राजस्थान का है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.