आगरालीक्स....शादी में डीजे पर डांस ने कराई ऐसी लड़ाई. बिना दुल्हन के ही हुई दूल्हे की विदाई...
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में एक मैरिज होम में शादी के दौरान डीजे पर डांस को लेकर घराती और बाराती पक्ष आपस में भिड़ गए. जमकर मारपीट हुई जिसके बाद पुलिस वहां पहुंच गई. पुलिस ने दोनेां पक्षों के बीच समझौता करा दिया लेकिन दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया जिसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई.

ये है पूरा मामला
फिरोजाबाद के एलआई बाईपास मार्ग पर स्थित एक मैरिज होम में सोमवार को शादी समारोह हो रहा था. जबसराना के गांव जाजूमई के रहने वाले व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों की शादी एक साथ तय की थी. सोमवार को एक बारात जसराना क्षेत्र के नगला इमलिया से तो दूसरी बारात सायपुर से आई. जयमाला का र्काक्रम हो चुका था और डीजे पर सभी लोग नाच रहे थे. इसी दौरान डीजे पर नाचने को घराती और बाराती आपस में भिड़ गए.
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि मारपीट हो गई. जमकर लात घूंसे चले. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. मारपीट में दो लोग घायल हो गए. पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंची जहां विवाद शांत होने पर समझौता करा दिया गया लेकिन सायपुर के जिस युवक से युवती की शादी होनी थी उस दुल्हन ने शादी से साफ इनकार कर दिया. दुल्हन को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन दुल्हन राजी नहीं हुई जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई. पंचायत के बाद बारात बिना दुल्हन के ही लौट गई.