आगरालीक्स …आगरा में 24 घंटे में यमुना का जलस्तर पांच फीट बढ़ा, अब यमुना बाढ़ के न्यूनतम स्तर
से छह फीट नीचे बह रही है, यमुना का जलस्तर 493 फीट पहुंचने का पूर्वानुमान। वीडियो के लिए क्लिक करें
पहाड़ों पर हो रही बारिश से नदियों में पानी बढ़ने लगा है। दिल्ली में 45 साल का रिकॉर्ड टूट गया है, यमुना का जलस्तर 208.05 मीटर पर पहुंच गया है। बैराजों से पानी लगातार छोड़ा जा रहा है। इससे आगरा में भी यमुना का जलस्तर बढ़ने लगा है।
24 घंटे में पांच फीट बढ़ा जलस्तर
हरियाणा के हथिनी कुंड से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़ने जाने के चलते गोकुल बैराज के गेट खोलने पड़ रहे हैं। गोकुल बैराज से 43 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, इससे आगरा में यमुना में जलस्तर बढ़ने लगा है। मंगलवार को आगरा में यमुना का जलस्तर 484.8 फीट था यह बढ़कर बुधवार को 489.5 फीट तक पहुंच गया, इस तरह 24 घंटे में यमुना में पांच फीट पानी बढ़ गया है।
कल तक 493 फीट पर बहने लगेगी यमुना
जिस तरह से पानी छोड़ा गया है उससे सिचाई विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि शुक्रवार तक यमुना 493 फीट पर बहने लगेगी। कुछ दिन पहले तक नाले की तरह यमुना दिखाई दे रही थी अब लबालब होने लगी है। लबालब हो रही यमुना को देखने के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
495 फीट है लो फ्लड लेवल
यमुना का जलस्तर शुक्रवार तक 493 फीट पहुंचने का पूर्वानुमान है, आगरा में लो फ्लड लेवल 495 फीट है, ऐसे में पानी और छोड़ा जाता है और बारिश होती है तो शनिवार और रविवार तक आगरा में यमुना का जलस्तर लो फ्लड लेवल के करीब पहुंच सकता है। इसे देखते हुए तैयारी शुरू कर दी गई है। यमुना के किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया जा रहा है।