आगरालीक्स …आगरा में भीषण जाम लगा हुआ है, शादी समारोह के चलते एमजी रोड से लेकर सुल्तानगंज की पुलिया पर जाम है, वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। कार रेंग रेंग कर चल रही हैं।
आगरा में शनिवार को शादी समारोह और वीकेंड मस्ती के लिए शाम होते ही सडकों पर कार दिखाई देने लगी। इससे एमजी रोड पर जाम लग गया, सांई की तकिया से आगे रेंग रेंग कर वाहन चले। एमजी रोड पर भी घंटों जाम लगा रहा। वहीं, सुल्तानगंज की पुलिया पर भी भीषण जाम लग गया, यहां भगवान टॉकीज फ्लाईओवर तक वाहन फंसे हुए हैं। सर्विस रोड पर भी जाम लग गया है।
खंदारी फ्लाईओवर से जाम का झाम खत्म
आगरा में खंदारी फ्लाईओवर को पूरी तरह से खोल दिया गया, रात से ही दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। अभी विवि के खंदारी परिसर से केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड वाले फ्लाईओवर के नीचे के हिस्से को भी खोल दिया गया है।
गुरुवार को एनएच-2 पर खंदारी चौराहे पर दो साल से बन रहे फ्लाईओवर का काम पूरा हो गया। फ्लाईओवर की कानपुर से दिल्ली वाली लेन पर शाम साढे़ छह बजे ट्रैफिक शुरू कर दिया गया। इस फ्लाईओवर पर पिछले तीन माह से युद्धस्तर पर काम चल रहा था। दिल्ली से आई निगरानी समिति की देखरेख में चल रहे काम के दौरान यहां कर्मचारियों की संख्या दोगुना कर दी गई थी। यही कारण रहा कि तीन माह के भीतर फ्लाईओवर के शेष कार्यों को पूरा करके फ्लाईओवर पर ट्रैफिक को सुचारु कर दिया गया।
फ्लाईओवर के निचले हिस्से को भी आवागमन के लिए खोल दिया गया है। खंदारी चौराहे को ओवरब्रिज के नीचे से खोलने से मऊ रोड, केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड, नगला बूढ़ी, दयालबाग के लोगों को पद्मचंद इंस्टीट्यूट वाली रोड से शहर के अंदर जाने में सहूलियत मिलेगी। इसी तरह आजाद नगर, खंदारी, बापू नगर, ट्रांसपोर्ट नगर के लोगों को भी दयालबाग, मऊ रोड की ओर आवागमन में सुविधा होगी।
Leave a comment