आगरालीक्स…हिंदी भारत की सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा, देश को जोड़ने का काम पर राष्ट्र भाषा नहीं। जानें साल में दो बार क्यों मनाया जाता है हिंदी दिवस।
विदेशों में बसे भारतीयों को भी जोड़ती है हिंदी
आज हिंदी दिवस है। हिंदी दुनिया में बोली जाने वाली प्रमुख भाषाओं में से एक है। भारत के अलावा हिंदी अन्य कई देशों में भी बोली जाती है। इसके अलावा विदेशों में बसे भारतीयों को हिंदी भाषा ही जोड़ने का काम करती है।
विश्व हिंदी दिवस 10 जनवरी और राष्ट्रीय हिंदी दिवस 14 सितंबर को
हिंदी दिवस मनाने की बात की जाए तो यह दिन साल में दो बार आता है। पहला विश्व हिंदी दिवस 10 जनवरी को मनाया जाता है, दूसरा राष्ट्रीय हिंदी दिवस 14 सितंबर को मनाया जाता है।
हिंदी राष्ट्र भाषा नहीं पर राजभाषा जरूर
भारत में अंग्रेजों के जाने के बाद भी अंग्रेजी भाषा का महत्व कम नहीं हो रहा था। अंग्रेजी भाषा के बढ़ते महत्व और आम बोलचाल में हिंदी के प्रचलन में कमी को देखते हुए हिंदी दिवस मनाने का फैसला लिया गया था। महात्मा गांधी ने हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने का सुझाव दिया था, लेकिन हिंदी फिलहाल राष्ट्रभाषा तो नहीं है, लेकिन देश की राजभाषा जरूर मानी जाती है।