आगरालीक्स…आगरा के अनिरुद्ध यादव बने जीआईसी प्रिंसिपल. पीईएस में मिली 10वीं रैंक. सीएम से मिला ज्वाइनिंग लैटर, पहली पोस्टिंग आगरा में ही…
आगरा के अनिरुद्ध यादव ने शहर का नाम रोशन किया है. पीईएस में 10वीं रैंक प्राप्त करने वाले अनिरुद्ध को आज लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ज्वाइनिंग लैटर मिला. उनकी पहली पोस्टिंग आगरा में ही जीआईसी प्रिंसिपल के रूप में हुई है. अनिरुद्ध के पिता संजय यादव भी प्रांतीय शिक्षा सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हैं और वर्तमान में अपर शिक्षा निदेशक उत्तर प्रदेश के पद पर शिक्षा निदेशालय प्रयागराज में तैनात हैं. अनिरुद्ध को पीईएस में 10 वी रैंक प्राप्त हुई थी. अनिरुद्ध ने बताया के मुख्यमंत्री के हाथों से नियुक्ति पत्र और उत्साहवर्धन पाकर वो गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं तथा मुख्यमंत्री और शासन की अपेक्षा अनुसार अपने कार्यक्षेत्र में पूर्ण मनोयोग से शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर का प्रयास करेंगे.

प्रांतीय शिक्षा सेवा के 219 अधिकारियों को मिला नियुक्ति पत्र
आज लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में मिशन रोजगार के अंतर्गत आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा पीसीएस 2021 परीक्षा के माध्यम से चयनित 219 प्रांतीय शिक्षा सेवा के अधिकारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया ।इस कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि अगर सामूहिक रूप से प्रयास किए जाएं तो उत्तर प्रदेश देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था बन सकता है। इसके हर क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्ति को अपने स्तर पर कार्य करने होंगे। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश शिक्षा का केंद्र रहा है। आजादी के समय देश के विभिन्न राज्यों में शिक्षकों की आपूर्ति उत्तर प्रदेश करता था। हमें फिर से उस दिशा में प्रयास करते हुए अनुशासित और राष्ट्र भक्त नागरिकों की फौज खड़ी करनी होगी। कार्यक्रम में माध्यमकि शिक्षा की राज्यमंत्री गुलाबो देवी, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा दीपक कुमार, शिक्षा विभागी के अधिकारी और चयनित अभ्यर्थी मौजूद थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के कर कमलों द्वारा नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों 10 अभ्यर्थियों में आगरा निवासी अनिरुद्ध यादव भी शामिल रहे ।