आगरालीक्स…आगरा में मिठाई की दुकान पर हुई लड़ाई. एक की मौत…
आगरा के बोदला में एक मिठाई की दुकान पर दो कारीगर आपस में बुरी तरह से झगड़ बैठे. एक कारीगर ने दूसरे के भारी वस्तु मार दी. उस समय वहां आए अन्य लोगों ने दोनों को बीच मामला सुलझाया और अलग किया. रात को दोनों सोए लेकिन सुबह एक कारीगर मृत मिला जिसके भारी वस्तु मारी गई थी. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है. जानकारी पर मृत कारीगर के परिजन थाने आ गए और आरोपी के खिलाफ एक्शन की मांग की गई है.
घटना थाना जगदीशपुरा के बोदला चौराहे की है. यहां जैन स्वीट्स नाम से मिठाई की दुकान है. इस दुकान में जगनेर का रहने वाला तेज सिंह कारीगर है. इसके साथ ही दुकान पर रूपेश बघेल भी कारीगर है. घटना शुक्रवार रात की है. रात में दुकान बंद होने के बाद दोनों कारीगर सोने को जा रहे थे कि तभी देर रात को रूपेश और तेज सिंह में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. विवाद के दौरान रूपेश ने तेज सिंह के सिर में कोई भारी वस्तु मार दी. लड़ाई की सूचना पर वहां आए अन्य कारीगरों ने दोनों को अलग किया और मामला सुलझाया. इसके बाद दोनों कारीगर सोने के लिए चले गए.
आज सुबह तेज सिंह सोकर नहीं उठा. इस पर दुकान के अन्य कर्मचारी जब उसे जगाने गए तो उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हुई. यह देखते ही कर्मचारियों के होश उड़ गए और वे तुरंत तेज सिंह को लेकर पास के एक अस्प्ताल में पहुंच गए. यहां चिकित्सकों ने उसे इमरजेंसी रेफर कर दिया. एसएन में डॉक्टरों ने तेज सिंह को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और आरोपी कारीगर को हिरासत में ले लिया. जानकारी होने पर तेज सिंह के परिजन भी यहां आ गए. आरोपी के खिलाफ तहरीर दी गई है. पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.