आगरालीक्स…आगरा में बच्चे को बचाने के लिए बस खाई में गिरी. बस में सवार 36 यात्रियों की निकल गईं चीखें. सात साल के बच्चे की मौत
आगरा के थाना जैतपुर में बीती रात को गंभीर सड़क हादसा हो गया. एक बच्चे को बचाने में बस उसे चपेट में लेते हुए अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. बस में सवार 36 लोगों की चीखें निकल गईं. वहां आए लोगों ने और बाद में पुलिस ने बस में सवार सभी लोगों को बाहर निकाला लेकिन बस चालक मौके से भाग निकला. हादसे में सात साल के बच्चे की मौत हो गई. सभी यात्री सकुशन हैं. चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
घटना जैतपुर के प्यारमपुरा के पास की है. यहां के गांव उदैनपुरा में रहने वाले दुर्गेश कुमार अपने परिवार के साथ इटावा गए थे. गुरुवार रात को वापसी में वह बस से उतर रहे थे कि उनका सात साल का बेटा दिव्यांशु बस से उतरकर कुछ आगे निकल गया. तभी पीछे से तेज गति से आ रही बस के चालक नेउसको बचाने का प्रयास किया लेकिन बस अनियंत्रित होकर बच्चे को अपनी चपेट में लेते हुए सीधे खाई में जा गिरी. बस में 36 यात्री सवार थे. खाई में बस गिरने के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित निकाला और अन्य साधनों से उनके गंतव्यों तक पहुंचाया. हादसे में बच्चे की मौत हो गई है बाकी यात्री सकुशल हैं. बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. चालक फरार हो गया है.