आगरालीक्स…आगरा में दिवाली की रात को नवविवाहिता की मौत. पांच महीने पहले हुई थी शादी. दहेज हत्या का आरोप, पति और सास—ससुर अरेस्ट…
आगरा में शादी के पांच महीने बाद एक नवविवाहिता की मौत हो गई है. आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज के लिए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पति और सास—ससुर को अरेस्ट कर लिया है जबकि ननद फरार है. मृतका के परिजनों का कहना है कि 11 नवंबर की रात को दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी के साथ पहले मारपीट की गई और फिर बाद में गला दबाकर मार डाला.
कलाल खेरिया थाना ताजगंज की रहने वाली राजवती ने बताया कि पांच महीने पहले 25 जून को उन्होंने अपनी बेटी काजल की शादी किशोरपुरा के रहने वाले अनुराग के साथ की थी. राजवती ने आरोप लगाया कि अनुराग ने खुद को चांदी कारोबारी बताया लेकिन वह ई—रिक्शा चालक था. शादी के कुछ दिन बाद से ही दहेज के लिए बेटी को परेशान किया जाने लगा और ढाई लाख रुपये और एक कार की डिमांड की गई.
राजवती ने बताया कि दिवाली के दिन 12 नवंबर को बेटी की ससुराल से पड़ोसी ने फोन पर काजल की मौत की सूचना दी. परिजन जब मौके पर पहुंचे तो घर के बाहर काजल का शव था. मृतक काजल के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया और पति, सास—ससुर व ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने आरोपी पति व सास ससुर को अरेस्ट कर लिया है. ननद फरार है और उसकी तलाश की जा रही है.