आगरालीक्स…आगरा से सूरत, गोवा, देहरादून और गुवाहाटी के लिए भी फ्लाइट शुरू करने के प्रयास. अभी छह शहरों के लिए आगरा से फ्लाइट. आगरा एयरपोर्ट पर हुई आगरा हवाई अड्डा सलाहाकार समिति की बैठक
केंद्रीय राज्य मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और आगरा हवाई अड्डा सलाहाकार समिति के अध्यक्ष प्रो. एसपी सिंह बघेल की अध्यक्षता मे आज आगरा एयरपोर्ट पर आगरा हवाई अड्डा सलाहाकार समिति की बैठक हुई। समिति के सदस्य पूरन चंद डावर, रजत अस्थाना, सुनील विकल, संजय अरोड़ा, गोपाल गुप्ता, अंकित चौधरी, कृष्ण गौतम के अतिरिक्त श्री नीरज कुमार श्रीवास्तव, निदेशक विमानपत्तन, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, स्थानीय प्रशासन/पुलिस, इंडिगो एयरलाइन्स, वायुसेना और केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारियों ने बैठक मे भाग लिया।

बैठक मे वर्तमान एयरपोर्ट की समस्या और यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ नए सिविल एन्क्लेव के निर्माण एवं यात्रियों की सुविधा के लिए अर्जुन नगर गेट के पास बनने वाले विजिटर शेड की यथास्थिति पर चर्चा की गई और नए सिविल एन्क्लेव के निर्माण मे आने वाली सभी समस्यों को शीघ्र निस्तारित करने हेतु संबन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त आगरावासियों की सुविधा के मद्देनजर आगरा से अन्य शहरों यथा सूरत, गोवा, देहरादून, गुवाहाटी आदि की उड़ान शुरू करने के लिए इंडिगो एयरलाइन्स से प्रयास करने के लिए कहा गया एवं अन्य एयरलाइन्स को भी आगरा से उड़ान प्रारंभ करने के लिए प्रेरित करने का सु्झाव दिया गया। अध्यक्ष ने एक निजी एयरलाइन्स कंपनी से भी इस संबंध में वार्ता की.
इस दौरान इंडिगो एयरलाइन्स द्वारा 2000 प्रचालन प्रतिदिन के महत्वपूर्ण लक्ष्य को हासिल करने पर आगरा हवाई अड्डे के सिक्यूरिटी होल्ड एरिया में केक काटकर उत्सव मनाया गया. इस अवसर पर आगरा-जयपुर फ्लाइट सं0 7724 से जयपुर यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ केन्द्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने केक काटा.