आगरालीक्स…दो बेटियां हो गई हैं, कहां से चलेगा इनका खर्चा, अपने घर से 25 लाख रुपये लाओ, क्लीनिक खोलूंगा…ये बोल एक डॉक्टर पति के हैं. पत्नी ने दर्ज कराया मुकदमा…
आगरा में एक डॉक्टर पति अपनी पत्नी से दहेज की मांग कर रहा है. उसका कहना है कि दो बेटियां हो गई हैं, इनका खर्च कैसे चलेगा. अपने घर से 25 लाख रुपये लेकर आओ, मैं क्लीनिक खोलूंगा और तब इनका खर्च चलेगा. लेकिन पत्नी ने जब इसका विरोध किया तो मारपीट कर घर से निकाल दिया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है.
ये है पूरा मामला
मामला सिकंदरा थाना क्षेत्र का है. यहां की रहने वाली एक युवती ने अपने डॉक्टर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. युवती का कहना है कि उसकी शादी 2016 में मथुरा के रहने वाले एक डॉक्टर के साथ हुई थी. डॉक्टर और उसके घरवाले शादी में मिले दहेज से खुश नहीं थे और बात बात पर उसका उत्पीड़न करते थे. कई बार तो पति ने छोटी छोटी बात पर पत्नी को मायके से रुपये लाने के लिए कहा. इस दौरान उसकी एक बेटी का जन्म हुआ. इसके बाद ससुरालियों का उत्पीड़न और बढ़ने लगा. 13 नवंबर को जैसे ही दूसरी बेटी का जन्म हुआ तो ससुराली और परिजन बोले कि इनका खर्चा कौन चलाएगा.
आरोप है कि इस पर पति ने पत्नी से दहेज में 25 लाख रुपयों की मांग की और कहा कि अपने पिता से रुपये दिलाओ, मैं क्लीनिक खोलूंगा. तभी बेटियों का खर्च चल पाएगा. मांग पूरी न होने पर पीटकर घर से निकाल दिया. पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया है, जांच की जा रही है.