आगरालीक्स…खंदौली में हाइवे पर हो रहे जलभराव को देखने पहुंचे डीएम. लोगों ने बताया इसका कारण तो डीएम ने एनएचएआई अधिकारियों को दिए एक सप्ताह में नाला निर्माण के निर्देश
रामनगर खंदौली हाइवे पर हो रहे जलभराव और उससे हो रही लोगों को परेशानी देखने के लिए आज जिलाधिकारी खुद निरीक्षण करने पहुंचे. यहां पहुंचकर उन्होंने लोगों से समस्या के बारे में जाना. लोगों ने भी जलभराव का कारण बताया जिसके बाद डीएम ने तुरंत एनएचएआई अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए और एक सप्ताह के अंदर नाला निर्माण करने के निर्देश दिए.
आज जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी ने रामनगर, खंदौली स्थित आगरा अलीगढ़ हाईवे पर जल भराव की समस्या के संज्ञान में आते ही तत्काल मौके पर पहुंच कर एनएचएआई के अधिकारियों को तलब किया, जिलाधिकारी ने तत्काल उचित जल निकासी हेतु नाला निर्माण कराने के एनएचएआई के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए. मौके पर क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी के समक्ष समस्या को रखा तथा बताया कि कस्बे के पानी की जल निकासी हेतु उचित प्रबंध न होने से जल भराव की समस्या है, क्षेत्रीय निवासियों ने जल भराव होने से जल निकासी पर रोक लगा दी जिससे आगरा अलीगढ़ हाईवे पर जल भराव हो गया, जिलाधिकारी ने लाल मंदिर आश्रम तथा अन्य क्षेत्रीय निवासियों से बात कर मौके पर जल निकासी कराई तथा एनएचएआई के अधिकारियों को एक सप्ताह में नाला निर्माण कर जल निकासी के उचित प्रबंध के कड़े निर्देश दिए.