आगरालीक्स …आगरा में 48 घंटे में वाणिज्य कर विभाग ने 11 बुक सेलर के यहां छापा मारा है, इनके पास से बडी मात्रा में कच्चे बिल मिले हैं। स्कूल की किताब कॉपी की बिक्री वास्तविक मूल्य से कई गुना ज्यादा पर की जा रही है। अभिभावकों को इसका बिल भी नहीं दिया जा रहा है। अभी कई बडे बुक सेलर पर कार्रवाई होनी है।
वाणिज्य कर कमिश्नर मुकेश मेश्राम के आदेश के बाद एडीशनल कमिश्रर ग्रेड वन पीके सिंह के निर्देश पर वाणिज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा ने शुक्रवार को छह स्टेशनर्स के यहां छापा मारा। उनके रिकॉर्ड खंगाले, कच्ची पर्ची से किताब कॉपी और यूनीफॉर्म की बिक्री की जा रही थी। प्रारंभिक जांच के बाद वाणिज्य कर अनुमानित स्टेशनरी के मूल्य के हिसाब से जमानत राशि जमा करा रहा है। गुरुवार को पांच और शुक्रवार को छह बुक सेलर और स्टेशनर्स पर वाणिज्य कर विभाग की टीम ने कार्रवाई की।
बिल जरूर लें, ना दें तो करें शिकायत
स्कूल के किताब कॉपी और बैग लेते से बिल मांगे, बिल न देने वालों की शिकायत वाणिज्य कर विभाग और डीएम कार्यालय में की जा सकती है, किताब कॉपी के रेट अधिक होने पर आपत्ति भी की जा सकती है। इसे लेकर बडे स्तर पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
इन पर हुई कार्रवाई
हॉस्पिटल रोड स्थित माहेश्वरी बुक डिपो, राठी रील्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड राठी पब्लिशिंग कंपनी और राठी बुक एजेंसी दयालबाग, गोविंद बुक डिपो, बाग मुजफर खां, स्टूडेंट जोन प्राइवेट लिमिटेड साकेत मॉल
गुरुवार को हुई कार्रवाई
आगरा के सेंट पीटर्स, सेंट कॉनरेडस, सेंट पैट्रिक्स, सेंट पॉल, सेंट फ्रांसिस सहित अन्य कान्वेंट स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। कुछ स्कूलों में बुक सप्लायर ने काउंटर लगाकर बैग दिए, बैग की कीमत अधिक होने पर शोर मचने लगा। इसके बाद अभिभावकों को लिस्ट थमा दी गई है, इसमें नर्सरी के बच्चों की कॉपी किताब दो हजार से 3500 हजार रुपये तक है। इसी तरह से अन्य कक्षाओं के बैग की कीमत है। इसे लेकर गुरुवार शाम को एडिशनल कमिश्नर पीके सिंह के निर्देश पर उपायुक्त आलोक कुमार और अनिमेष के नेत्रत्व में संजय प्लेस और बाग पफरजाना में माहेश्वरी बुक शॉप, स्कूल जंक्शन यश स्कूल ड्रेस, श्री देवी पुस्तक भवन, वीनस यूनिपफॉर्म पर छापा मारा।
खंगाले जा रहे रिकॉर्ड
वाणिज्य कर विभाग की टीम ने बुक सेलरों का रिकॉर्ड खंगाला, किताब और कॉपी की कीमत के बारे में जानकारी ली। किस स्कूल में किताबों की सप्लाई की है और किस रेट पर यह बेची जा रही हैं। इनकी बिक्री के बारे में भी जानकारी ली गई है। इसके साथ ही स्कूल से भी छात्रों की संख्या के बारे में जानकारी ली जाएगी।
Leave a comment