आगरालीक्स सांसद हेमामालिनी ने राजनीति में आने का राज खोलने के साथ कहा कि मै जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सामने पहुंची तो वे शरमा गए, वे ठीक से बात नहीं कर पा रहे थे और हिचकिचा रहे थे। वहां मौजूद महिला से पूछा तो उन्होंने कहा कि अटल जी आपके प्रशंसक हैं, अचानक आपको सामने देखकर हिचकिचा रहे हैं।
शुक्रवार को मथुरा में आयोजित भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी उन्हें देखकर शरमा गए थे, वे मेरे इतने बडे प्रशंसक थे कि 1972 में आई मेरी फिल्म सीता और गीता 25 बार देखी थी।
सहअभिनेता ने दिखाई राजनीति की राह
सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि मुझे राजनीति में, वह भी खास तौर पर भाजपा में लाने का श्रेय एक प्रकार से मेरे पूर्व सहकर्मी अभिनेता एवं गुरूदासपुर से सांसद रहे विनोद खन्ना को जाता है, 1999 में गुरुदासपुर से दूसरी बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे खन्ना ने अपने यहां प्रचार के लिए बुलाया था. उन्होंने बताया कि तत्कालीन अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी ने उनके लिए प्रचार के लिए कहा था. उनकी मां ने भी आडवाणी नाम सुनकर प्रचार करने की अनुमति दे दी थी.
मां का लिखा भाषण पढा और सभा हिट
तब पहला भाषण मां ने लिखकर दिया था. सभा में बहुत भीड़ थी, जिससे खुश होकर आडवाणी ने बिहार में प्रचार का न्यौता दे दिया. सांसद ने बताया कि उसके बाद तो भाजपा के प्रचार में अक्सर जाने लगी. 2003 में उन्होंने राज्यसभा सदस्य बनाकर एक बड़ी जिम्मेदारी भी दे दी.
अफसोस बिहार में हार गए
सांसद हेमा मालिनी ने बताया कि उन्होंने भाजपा के लिए प्रचार किया और जीत मिली, गुजरात में मोदी के लिए तो छत्तीसगढ़ में डॉ. रमन सिंह के लिए, जहां भी पार्टी ने बुलाया प्रचार के लिए जाती रही. परिणाम भी अच्छे ही रहे. संयोग ही था कि सभी जगह भाजपा जीतती गई. उन्होंने अफसोस जताया कि बिहार में ऐसा न हो सका और भाजपा हार गई। उन्होंने कहा, कोई बात नहीं अब यूपी में जीते हैं, अन्य जगह भी भाजपा की सरकार बन रही है. कार्यकर्ताओं ने बहुत अच्छा काम किया है।
इंटरनेट फोटो
Leave a comment