आगरालीक्स…आगरा में सास—बहू की अजब लड़ाई. बहू की मेकअप किट से सास ने लगा लिए महंगे क्रीम पाउडर. पुलिस तक पहुंचा मामला. नहीं हुई सुलह
आगरा के परिवार परामर्श केंद्र पर रविवार को एक अजब मामला सामने आया है. सास—बहू की तकरार की अक्सर खबरें आती हैं और इनमें कुछ जरूरी वजह भी होती हैं लेकिन आगरा के परिवार परामर्श केंद्र पर सास—बहू की लड़ाई का अजब मामला पहुंचा है. कारण है महंगा क्रीम पाउडर. बहू का आरोप है कि सास उसकी मेकअप किट से महंगे क्रीम पाउडर लगा लेती है. जब मना किया तो मारपीट करने लगे. पति ने भी अपनी मां का साथ दिया और मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया. मामला इतना बढ़ा कि वो पहले पुलिस और अब परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया.
यहां का है मामला
मामला मलपुरा थाना क्षेत्र का है. यहां की रहने वाली दो बहनों की शादी आठ महीने पहले फतेहाबाद के रहने वाले दो भाइयों के साथ हुई थी. दोनों बहनों का आरोप है कि पति रात को हमेशा शराब पीकर आते हैं और मारपीट करते हैं. इसके अलावा उन्होंने सास पर उनके महंगे क्रीम पाउडर लगाने का आरोप लगाया. परिवार परामर्श केंद्र पर बड़ी बहू ने आरोप लगाया कि सास की नजर उसकी मेकअप किट पर रहती है. वह उसके महंगे क्रीम पाउडर रोजाना लगा लेती है. मैंने कहा कि कहीं बाहर जाना हो तब लगा लिया करो लेकिन वो घर में ही रहकर हर दिन लगाती है. इस बात से सास नाराज हो गई और बहू की शिकायत बेटे से कर दी.
बहू का आरोप है कि पति ने भी अपनी मां का साथ दिया और विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों बहनों को मारपीट कर घर से निकाल दिया. तब से मायके हैं. परिवार परामर्श केंद्र पर दोनों पक्षों को काफी समझाने का प्रयास किया गया लेकिन कोई बात नहीं बनी. अगली तारीख दी गई है.