आगरालीक्स ….आगरा में पत्नी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली, पार्टी की रैलियों में शहर से बाहर जाने लगी। पत्नी की नेतागिरी से पति परेशान, मामला परिवार परामर्श तक पहुंचा।
आगरा में हर रविवार को परिवार परामर्श केंद्र पर काउंसिलिंग होती है, यहां परामर्श के लिए पति पत्नी पहुंचे, शादी आठ साल पहले हुई है, एक बेटा है। पति एक कंपनी में काम करता है। तीन वर्ष पहले पत्नी ने एक पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली, इसके बाद वह पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होने लगी, रैलियों में हिस्सा लेने के लिए शहर से बाहर जाना शुरू कर दिया, होर्डिंग पर फोटो लगने लगे। तीन महीने पहले होर्डिंग पर पत्नी के पोस्टर को लेकर पति से विवाद हो गया, तीन महीने से पत्नी बेटे के साथ मायके में रह रही है।
राजनीति में बनाना चाहती है भविष्य
परिवार परामर्श केंद्र में पति पत्नी के बीच में सुलह करने के लिए बुलाया गया, पत्नी ने कहा कि वह राजनीति में अपना भविष्य बनाना चाहती है। इसलिए कार्यक्रमों में जाना पड़ता है, आयोजनों के होर्डिंग और पोस्टर में उसका नाम और फोटो होता है। वहीं, पति का कहना है कि सुबह काम पर निकलते समय पत्नी टिफिन तैयार करके नहीं देती, शाम को घर पहुंचा तो घर पर नहीं होती है कहती है कि पार्टी के कार्यक्र्म में गई थी। काउंसलर डॉ. अमित गौर का मीडिया से कहना है कि पति पत्नी की काउंसिलिंग की गई है, उन्हें दोबारा बुलाया गया है।