आगरालीक्स…आगरा कलक्ट्रेट में समाजवादी छात्र सभा का प्रदर्शन. यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग, पेपर लीक का आरोप लगाकर जमकर किया हंगामा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का आरोप लगाते हुए आज समाजवादी छात्र सभा ने आगरा कलक्ट्रेट पर जमकर प्रदर्शन किया. उन्होंने परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन भी सौंपा. बड़ी संख्या में छात्र नेता नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंच गए. यहां उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करते हुए परीक्षा रद्द करने की मांग की.
छात्र सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार परीक्षा निरस्त कर फिर से परीक्षा कराए और सरकार वादा करे कि जितने भी लोगों के 100 प्रतिशत नंबर आएंगे सभी को नौकरी के लिए पात्र माना जाएगा, फिर वो एक लाख हों या 10 लाख.
उधर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने अपने एक्स एकाउंट पर लिखा है ‘कांग्रेस ने यूपी में भर्ती विधान पेश किया था जिसमें पेपर लीक और भर्तियों में भ्रष्टाचार रोकने के प्रावधान रखे गए थे. पेपर लीक संकट को देखते हुए हमारी मांग है कि हाल में हुई दोनों पेपर लीक की घटनाओं की सीबीआई जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो.’