आगरालीक्स..अच्छी खबर, अयोध्या से नेपाल के जनकपुर के लिए सीधी ट्रेन ‘सरयू—कमला एक्सप्रेस’ शुरू. भगवान राम की नगरी ओर माता सीता की जन्मस्थली के बीच पहली ट्रेन. जानिए स्टॉपेज, टाइमिंग के साथ कितने घंटे का होगा सफर
भगवान राम की नगरी अयोध्या से माता सीता जी की जन्मस्थली जनपकपुर धाम (नेपाल) के बीच पहली ट्रेन सेवा आज से शुरू हो गई है. भारत से नेपाल जाने वाली यह पहली ट्रेन है जिसका नाम ‘सरयू—कमला एक्सप्रेंस’ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने हरी झंडी दिखाकर सरयू कमला एक्सप्रेस को रवाना किया. पहले दिन 1158 यात्री इसमें सवार हुए.
नदियों के नाम से जोड़ा गया ट्रेन का नाम
अयोध्या में सरयू नदी बहती है जबकि कमला नदी नेपाल और बिहार के मिथिला क्षेत्र में बहती है. इसलिए ट्रेन का नाम सरयू कमला एक्सप्रेस रखा गया है. आज इसका उद्घाटन किया गया है हालांकि आम यात्रियों के लिए यह ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है. वाल्मीकि रामायण के अनुसार राजा दशरथ राम बारात लेकर जब मिथिला में जनकपुर पहुंचे थे तब उन्हें 4 दिन लगे थे. अब यही सफर लगभग 19 घंटे में पूरा होगा.
10 स्टेशनों पर स्टॉपेज, 19 घंटे का सफर
यह ट्रेन अयोध्या कैंट से मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी, जयनगर स्टेशन से होते हुए नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी. यह ट्रेन साप्ताहिक होगी. यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 5 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी जो कि अगले दिन मंगलवार दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर जनकपुर धाम पहुंचेगी. वहीं जनकपुर धाम से यह ट्रेन हर शनिवार को दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी जो कि अयोध्या कैंट अगले दिन रविवार को सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर पहुंच जाएगी.