नईदिल्लीलीक्स.. अयोध्या के हनुमानगढ़ी में भी दर्शन का समय बदला। यमुनोत्री धाम के कपाट 10 मई को खुलेंगे। रॉबर्ट वाड्रा बांकेबिहारी के दरबार में…
रामनवमी पर हनुमानगढ़ी में दर्शन का यह रहेगा समय
रामलला के मंदिर के बाद अब हनुमानगढ़ी का भी दर्शन शेड्यूल जारी किया गया है। रामनवमी को देखते हुए 15 से 18 अप्रैल तक दर्शन का शेड्यूल जारी किया गया है। नया दर्शन शेड्यूल 15 अप्रैल से लागू हो गया है। नए शेड्यूल के अनुसार हनुमानगढ़ी पर सुबह 3:00 से 4:00 तक हनुमान जी की आरती पूजा और श्रृंगार होगा। दर्शनार्थियों का प्रवेश प्रातः 4:00 बजे से शुरू हो जाएगा।
यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुलेंगे

यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर 10 मई को सुबह 10:29 बजे रोहिणी नक्षत्र में खोले जाएंगे। मां यमुना जयंती पर पुरोहित समाज ने बैठक कर कपाट खोलने का शुभ मुहूर्त निकाला।
मां यमुना की डोली रवाना होगी
कपाट खोलने से पहले 10 मई को मां यमुना की डोली उनके शीतकालीन प्रवास खरशालीगांव से सुबह सवा छह बजे यमुनोत्री धाम के लिए रवाना होगी। यमुना के भाई शनिदेव महाराज भी अपनी बहन को विदा करने यमुनोत्री धाम साथ जाएंगे।
चारधाम यात्रा के लिए आज से पंजीकरण शुरू
देहरादून चारधाम यात्रा में देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालु पंजीकरण करा सकते हैं। सुबह सात बजे से पंजीकरण कराने के लिए वेबसाइट खोल दी गई है।
रॉबर्ट वाड्रा ने बांकेबिहारी के दर्शन कर बांटा प्रसाद

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा आज सुबह ठा. बांके बिहारी के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने दर्शन के बाद भक्तों को प्रसाद का वितरण किया। बाद में उन्होंने कहा कि उन्होंने देश में सुख-शांति की कामना की। साथ ही राजनीति में सही समय पर आने की बात कही।