आगरालीक्स…सेंट जॉर्जेस के छात्रों ने देखी फिल्म ‘अभी मैं जिंदा हूं मां’, शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के आसमानी हौसले की कहानी
आगरा में सेंट जॉर्जेस कॉलेज, बालूगंज आगरा में शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के शौर्य को समर्पित लघु फिल्म ‘अभी मैं जिंदा हूं मां’ का फिल्मांकन किया गया। कक्षा नौ से 12 वीं तक के छात्रों और शिक्षकों ने फिल्म देखी। रोम—रोम देश भक्ति के जज्बे से भर उठा। स्कूल के कई दृश्यों ने पुरानी स्मृतियों को ताजा कर दिया। फिल्म का उद्देश्य युवा वर्ग को त्याग और बलिदान के लिए प्रेरित करना है। विद्यालय प्रबंधन ने फिल्म निर्माता विजय सामा के प्रयासों को सराहा जिन्होंने सच्चे अर्थों में इस फिल्म के माध्यम से शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

इससे पूर्व प्रधानाचार्य अक्षय जरमाया ने अदम्य साहसी शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद शहीद शुभम गुप्ता के अनुज ऋषभ गुप्ता ने कहा कि उसे अपने बड़े भाई पर गर्व है। इसी विद्यालय के पूर्व छात्र विजय कुमार सामा जो इस फिल्म के निर्माता भी हैं ने कहा कि शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता विद्यालय का गौरव हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि पांच बातें हमेशा स्मरण रखें। देश के लिए निस्वार्थ प्रेम, देश की सुरक्षा में सदैव तत्परता, गुरू का सम्मान, स्कूल का नाम रोशन करना और कुछ ऐसा करना कि दुनिया याद रखे।
9 पैरा स्पेशल फोर्स के जाबांज कमांडो शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता ने ऊधमपुर, लद्दाख और राजौरी में कई सर्च आॅपरेशन को अंजाम दिया लेकिन 22 नवंबर के सर्च आॅपरेशन में कामयाबी तो मिली लेकिन अपने चार साथियों के साथ शहादत देकर सदा के लिए अमर हो गए।