आगरालीक्स…आगरा में 5 स्टार एसी लेना चाहिए क्योंकि 3 स्टार ज्यादा बिजली फूंकता है, लेकिन क्या आपको पूरी बात मालूम है ? यह गणित दूर कर देगा सीजन की सबसे बड़ी कन्फ्यूजन
आगरा में गर्मी अपने प्रचंड रूप में आ चुकी है। इसी के साथ बाजार में लोग एसी—कूलर खरीदने अधिक निकल रहे हैं। वे एसी खरीदना तो चाहते हैं लेकिन कन्फ्यूजन बहुत है। ऐसे में सबसे पहले आस—पास के लोगों की सलाह ले रहे हैं। इसके बाद में दुकान या शोरूम पर जाकर पता कर रहे हैं लेकिन भरोसा नहीं कर पा रहे हैं। सबसे ज्यादा पूछपरक 3 और 5 स्टार एसी को लेकर हो रही है, लेकिन एक्सपर्ट्स की मानें तो इसी में सारा खेल छुपा है। आपको असलियत तब मालूम होगी जब आप कुछ और चीजों के बारे में भी तुलना कर लें। आखिर कौन सी हैं वे चीजें जो आपको एसी खरीदने से पहले पता होनी चाहिए। पढें इस खबर में।
इस गणित को जरा करीब से समझें
एसी खरीदने से पहले लोग सबसे अधिक जिस बात पर ध्यान देते हैं वो है स्टार रेटिंग। एक्सपर्ट्स की मानें तो ये सही है कि ये सही है कि ज्यादा स्टार रेटिंग वाले एसी कम एनर्जी यूज करते हैं। लेकिन, हर कोई 5-स्टार रेटिंग वाले एसी को नहीं खरीद सकता है, क्योंकि ये 3 स्टार रेटिंग वाले एसी की तुलना में महंगे होते हैं। बेलनगंज स्थित सीबी बरौलिया एंड कंपनी के निदेशक जितेंद्र भान ने कुछ महत्वपूर्ण बातें बताईं। कहा कि यह सही है कि 3 स्टार की तुलना में 5 स्टार एसी बिजली की कम खपत करते हैं। मगर इस गणित को समझने की जरूरत है। मसलन 1.5 टन क्षमता वाला 5 स्टार एसी औसतन 1450W की खपत प्रति घंटा करता है। जबकि 1.5 टन की ही क्षमता वाला 3 स्टार एसी औसतन 1600W की खपत प्रति घंटा करता है। ऐसे में अगर आप प्रतिदिन 8 घंटे ऐसी चलाते हैं तो 30 दिन में 240 घंटे एसी चलाएंगे। यानी 5 स्टार एसी की प्रति महीने बिजली की खपत: (1450 * 240 / 1000) यूनिट्स यानी कुल 348 यूनिट्स होगी। वहीं, 3 स्टार एसी की प्रति महीने बिजली की खपत: (1600 * 240 / 1000) यूनिट्स यानी कुल 384 यूनिट्स होगी। इस तरह आप देंखे तो प्रति माह दोनों के बीच बिजली खपत का अंतर 36 यूनिट्स है। अगर आप 8 रुपये प्रति यूनिट्स बिजली बिल देते हैं तो आपको 5 स्टार के मुकाबले 3 स्टार एसी लगाने पर प्रति माह कम कम कम 288 रुपये अधिक देने होंगे। यह अंतर तब और बढ़ जाता है जब आप दिन में 8 की जगह 16 से 18 घंटे एसी इस्तेमाल करते हैं। बड़ी संख्या में लोग दिन और रात दोनों वक्त एसी चलाते हैं वहीं तमाम लोग आॅफिस में एसी इस्तेमाल करते हैं और यह लगातार चलता है। मतलब अगर आप 16 से 18 घंटे नहीं करते हैं और सिर्फ 6 से 8 घंटे चलाते हैं तो 3-स्टार एसी खरीदें। आपको बिजली बिल पर बहुत ज्यादा असर नहीं होगा। खरीदते वक्त पैसे की बचत भी होगी। वहीं, अगर, एसी की रनिंग अधिक है तो 5-स्टार खरीदना फायदेमंद होगा।
दूसरा बड़ा कारण 3 और 5 स्टार एसी की कीमतों के बीच छिपा है। 5-स्टार एसी की शुरुआती कीमत 45 हजार रुपये से शुरू होती है। जबकि 3-स्टार एसी की कीमत 35 हजार रुपये से शुरू होती है। यानी दोनों के बीच कीमत में करीब 10 हजार रुपये है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
एक प्रतिष्ठित कंपनी में एसी टेक्नीशियन अजय के अनुसार और भी बहुत सी चीजें देखनी होती हैं। आम लोगों के लिए समझना थोड़ा मुश्किल हो जाता है मसलन 5 स्टार एसी में बड़ा कंडेंसर होने के कारण यह एनर्जी एफिशिएंट होते हैं, 3 स्टार एसी में यही कंडेंसर छोटा होता है। 3 स्टार एसी में आजकल फिल्टर आते हैं, ताकि हवा से डस्ट और पॉल्यूशन को फिल्टर करके बाहर रखा जा सके। साथ ही इनमें टर्बो मोड, स्लीप मोड और ईको मोड जैसे फीचर्स भी आने लगे हैं। आजकल कस्टमाइज एसी भी आ रहे हैं, कॉपर और सिल्वर की फिटिंग भी देखनी चाहिए। साधारण शब्दों में ऐसे एसी खरीदें जिनकी कंपनियां आपको वारंटी भी अधिक दे रही हैं।