आगरालीक्स…आगरा में युवक का पहले वॉट्सऐप हैक किया, फिर उसके परिचितों व दोस्तों को बनाया गया शिकार….
वॉट्सऐप दुनियाभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला इंस्टैंट मैसेज प्लेटफार्म है. इस ऐप का इस्तेमाल पर्सनल और आफिस दोनों तरह के कामों में होता है. लेकिन अब साइबर क्रिमिनल अलग—अलग तरीकों से लोगों को वॉट्सऐप हैक कर अपना शिकार बना रहे हैं. आगरा में भी एक युवक का वॉट्सऐप हैक किया गया और फिर उसके जरिए युवक के परिचितों व दोस्तों को शिकार बनाया गया. मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस में की गई है.
बल्केश्वर कॉलोनी में उदित गर्ग रहते हैं. इन्होंने साइबर सेल में दी गई सूचना में बताया कि 5 मई को सुबह उनके वॉट्सऐप के एक ग्रुप में किसी व्यक्ति द्वारा एक एंड्राइड एप्लीकेशन भेजी गई, जिसको उसने क्लिक कर लिया. यह एप्लीकेशन मोबाइल की होम स्क्रीन पर इंस्टाल्ड नहीं दिखाती. साइबर शाातिरों ने इस एप्लीकेशन के माध्यम से उसके नंबर पर जो भी मैसेज आ रहे थे, वह किसी और नंबर पर ट्रांसफर होने लगी जिसकी वजह से उनका वॉट्सऐप हैक कर लिया गया ओर फिर उनके वाट्सऐप के सभी ग्रुप में उस फाइल को भेजा गया. इसकी वजह से उदित के काफी परिचित उसका शिकार हो गए. उनके बैंक एकाउंट से डेबिट और क्रेडिट कार्ड का उपयोग करके फ्लिपकार्ट पर गिफ्ट वाउचर हैकर द्वारा खरीदे जाने लगे. उदित गर्ग ने इस संबंध में थाना साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है.