आगरालीक्स…आगरा में डॉक्टर दीदी ने मदर्स डे पर मां को अच्छी सेहत का तोहफा देने का दिलाया संकल्प. नर्सिंग डे भी हुआ सेलिब्रेट. परामर्श के साथ जांचें, दवाएं फ्री
एक मां का सभी के जीवन में बेहद अहम किरदार होता है। उनके बिना जीवन की कल्पना करना बेहद मुश्किल है। ऐसे में जरूरी है कि अपनी मां को स्वस्थ रखने के लिए उनकी सेहत का ख्याल रखा जाए। हम अकसर अपनी मांओं को कई सारे तोहफे देते हैं। ऐसे में इस बार आप उन्हें सेहत का तोहफा देकर एक स्वस्थ जीवन दे सकते हैं। यह कहना है मल्होत्रा नर्सिंग एंड मैटरनिटी होम कीं निदेशक डॉ. नीहारिका मल्होत्रा का।

रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी और रोटरी क्लब आगरा ग्रेस के सहयोग से नाई की मंडी स्थित मल्होत्रा नर्सिंग एंड मैटरनिटी होम में शनिवार यानि मदर्स डे से एक दिन पूर्व माताओं की स्वास्थ्य जांच की गई। अस्पताल कीं निदेशक एवं युवा गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. नीहारिका मल्होत्रा ने उन्हें बीमारियों से बचे रहने और परिवार के साथ ही अपनी खुद की देखभाल पर भी जोर देने की सलाह दी। कहा कि अक्सर हम महिलाएं परिवार का ध्यान रखते—रखते अपने स्वास्थ्य को नजर अंदाज कर जाते हैं। ऐसा नहीं करना है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरिता दीक्षित ने बताया कि 12 मई को नर्सेज दिवस भी है। इसके लिए प्रजापिता ईश्वरीय ब्रह्मकुमारीज विवि की आगरा शाखा से आईं ब्रह्मकुमारी बहनों ने अस्पताल की नर्सेज को सम्मानित किया।
रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी के सचिव डॉ. अमोल शिरोमणि ने बताया कि शिविर में 82 महिलाओं और किशोरियों को परामर्श दिया गया। इसके अलावा उनके लिए गीत—संगीत, मनोरंजक कार्यक्रम भी किए गए। वरिष्ठ रोटेरियन डॉ. डीवी शर्मा, रोटरी क्लब आगरा ग्रेस कीं संस्थापक अध्यक्ष डॉ. जयदीप मल्होत्रा और रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, रोटेरियन अमिताभ, यादराम, अंबरीश पटेल ने अपने संदेश में सभी माताओं और नर्सेज को शुभकामनाएं दीं।