आगरालीक्स…प्रचंड गर्मी के बीच एक जून से होंगे कुछ बदलाव। आधार कार्ड अपडेट, ड्राइविंग लाइसेंस से जुडे नियम, रसोई गैस की कीमतों पर पड़ेगा असर।
31 मई तक पैन को आधार से जोड़ लें नहीं तो दोगुना दर से भरना होगा टीडीएस
आयकर विभाग ने करदाताओं को सलाह दी है कि वे ऊंची दर पर स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) से बचने के लिए 31 मई, 2024 तक अपने पैन को आधार से जोड़ लें। आयकर नियमों के मुताबिक, स्थायी खाता संख्या (पैन) अगर बायोमीट्रिक आधार से जुड़ा नहीं है तो लागू रेट से दोगुना दर पर टीडीएस कटेगा। एक अलग पोस्ट में बैंकों, विदेशी मुद्रा डीलर सहित रिपोर्टिंग संस्थाओं को दंड से बचने के लिए अंतिम तिथि 31 मई तक एसएफटी (निर्दिष्ट वित्तीय लेनदेन का विवरण) दाखिल करने को भी कहा गया है।
रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल की कीमतें बदल सकती हैं
तेल कंपनियां हर माह की पहली तारीख को पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बदलाव करती हैं। चुनाव का कल अंतिम चरण है, जिसे देखते हुए रसोई गैस और पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।
ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आरटीओ के चक्कर कम होंगे
नये नियमों के मुताबिक नये ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आरटीओ के चक्कर लगाने कम होंगे। ड्राइविंग टेस्ट देने के लिए मान्यता प्राप्त निजी संस्थानों पर ड्राइविंग टेस्ट के साथ प्रमाणित दस्तावेजों से ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना होगा आसान।
नाबालिगों के वाहन चलाने पर भरना होगा बड़ा जुर्माना
नये यातायात नियमों के मुताबिक 18 वर्ष से कम के नाबालिगों को गाड़ी चलाते हुए पकड़े जाने पर 25 हजार रुपये का जुर्माना होगा, ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होगा। साथ ही अन्य सख्ती भी की गई हैं।
14 जून तक करा सकते हैं आधार कार्ड अपडेट
आधार कार्ड को बिना किसी शुल्क के अपडेट कराने की तिथि बढ़ाकर 14 जून कर दी गई है। इसके बाद 50 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लगेगा।