आगरालीक्स…देश में इस बार अकेले भाजपा की सरकार नहीं बन रही है. इंडिया गठबंधन भी सत्ता से दूर…जानें किसके हाथ में है इस बार सत्ता की चाबी, जिससे बनेगी सरकार
गठबंधन को साथ रखना भाजपा के लिए अब जरूरी
लोकसभा चुनाव 2024 का रिजल्ट इस बार काफी चौंकाने वाला है. सबसे पहले तो सभी एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं. दूसरी ओर भाजपा का 400 पार का नारा 300 के भी आंकड़े को नहीं छू पा रहा है. देखा जाए तो भाजपा और उसके सहयोगी दल यानी एनडीए तो बहुमत का आंकड़ा 272 को पार कर रहा है. एनडीए को 296 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं, लेकिन भाजपा की अकेले सीटें लगभग 242 के आसपास हैं. ऐसे में जो एनडीए के जिन दलों के साथ उसकी सीटें 296 तक पहुंच रही हैं उनमें जदयू के नीतीश कुमार की 12 और आंध्रप्रदेश में गठबंधन दल टीडीपी की 16 सीटें शामिल हैं. ऐसे में भाजपा को सत्ता में बने रहने के लिए अपने इन दो सहयोगी दलों को हर हाल में अपने साथ ही रखना होगा. या ऐसा कह सकते हैं कि सत्ता की चाबी इस समय नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू के हाथ में हैं.
इंडी गठबंधन मजबूत लेकिन सत्ता से फिर भी अभी दूर
दूसरी ओर कई दलों के साथ इंडी गठबंधन को 230 के करीब सीटें मिलती दिख रही हैं. ऐसे में इंडी गठबंधन को सरकार बनाने के लिए अभी भी करीब 40 सीटों की जरूरत है. अगर वह नीतीश कुमार और चंद्रबाबू नायडू को भी किसी तरह मनाकर अपने साथ ले भी ले तो भी उसके इन दोनों की 28 सीटें मिलने के बाद भी 260 के करीब सीटें इंडी गठबंधन की रहेंगी. इंडी गठबंधन को फिर भी 12 सीटों की जरूरत होगी.