आगरालीक्स.. सिगरेट, गुटखा और तंबाकू खाने से बांझपन की समस्या हो रही है, तंबाकू का सेवन छोड़ सकते हैं। जानें
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव के अनुसार, तंबाकू सेवन के कारण मुंह, गले, फेफड़े और पेट का कैंसर हो सकता है। यदि महिलाएं धुम्रपान कर रही हैं तो उन्हें कम वजन का शिशु पैदा हो सकता है या गर्भाशय में ही शिशु की मौत हो सकती है। पैदा होने के बाद ऐसी महिलाओं के शिशु कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित हो सकते हैं। जो लोग पहले से दमाग्रस्त हैं उनके लिए तंबाकू और धूम्रपान और भी मुश्किलें बढ़ा सकता है। उन्होंने बताया कि तंबाकू में मौजूद 7000 से अधिक रसायनों में से 250 रसायन बेहद हानीकारक हैं। सिगरेट में सड़क बनाने वाली तारकोल, बेंजीन और रेडियो एक्टिव तत्व पाए जाते हैं। जो तारकोल सड़क बना कर हमे मंजिल तक पहुंचाता है, जब वही तारकोल शरीर के अंदर जाता है तो वह हमारे मौत की सड़क तैयार करता है। प्रतिवर्ष सिगरेट के उत्पादन के लिए 60 करोड़ पेड़ काटे जाते हैं और इसमें 22 अरब लीटर पानी बर्बाद हो जाता है। धूम्रपान से 84 करोड़ टन कार्बन डाईआक्साइड पैदा होती है जो पर्यावरण और मानव जीवन के लिए घातक है।
ऐसे छोड़ सकते हैं लत
- तंबाकू का सेवन छोड़ने के लिए मनोचिकित्सक की मदद ले सकते हैं।
- इसकी लत धीरे-धीरे छोड़ने की बजाय दृढ़ इच्छाशक्ति से एक बार में छोड़ देना चाहिए। शराब से दूरी बना कर तंबाकू छोड़ सकते हैं।
- इलायची, अनार दाने की गोलियां, भुनी हुई सौंफ, मिस्री जैसी वैकल्पिक चीजों का सेवन कर भी तंबाकू छोड़ा जा सकता है।
- निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी, योग, प्राणायाम और मोबाइल एप्स की मदद से भी यह लत छोड़ सकते हैं।