आगरालीक्स…आगरा में आज बारिश ने बचा लिया वरना रात में भी चैन नहीं मिलता, इतनी क्यों तपी रात ? वॉर्म नाइट अलर्ट, अब इसके बारे में जानें
आगरा में आज बारिश की बूंदों ने आपको राहत दे दी है वरना हो सकता है आज की रात आपसे काटे नहीं कटती। वजह है वॉर्म नाइट। झुलसा देने वाली गर्मी ने दिन में तो बेचैन कर ही रखा है लेकिन अब रात का सुकून भी जाने लगा है। इस बार 90 दिन से लगातार तापमान 45 डिग्री के करीब रहा है। एकाध दिन को हटा दें तो बारिश तो दूर आसमान में बादल भी नजर नहीं आए हैं।
दिन और रात के तापमान में अब ज्यादा अंतर नहीं रहा है। इनके बीच का फासला दिन-प्रतिदिन कम होता जा रहा है और अब बेसब्री से हर किसी को मानसून का इंतजार है। दिन में चिलचिलाती धूप तो रहती ही है और अब रात में भी गर्मी बनी रहती है। देर रात तक मौसम ठंडा नहीं होता। आगरा की बात करें तो यहां पर लगातार 90 दिनों से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।
पहले की तुलना में मौसम और भी ज्यादा गर्म हो चुका है। इसके पीछे शहरीकरण, पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, वायु प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन इत्यादि कारण हैं। शहरीकरण की वजह से दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म हो रही हैं। आईएमडी ने आज आगरा में हीट वेव के साथ वॉर्म नाइट का अलर्ट भी जारी किया है, लेकिन रात होते—होते बारिश की बूंदों ने राहत दे दी है। इसका असर कितनी देर रहेगा यह तो पता चलेगा लेकिन फिलहाल वॉर्म नाइट से राहत मिलने की संभावना है।
इधर मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो जाए और न्यूनतम तापमान से 4.5 डिग्री ज्यादा हो। पिछले कुछ समय से ऐसा ही सिलसिला लगातार देखने को मिलता रहे और रात का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहे तो वॉर्म नाइट कहा जाता है। यानि रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक बना रहे।