आगरालीक्स …आगरा में सरेराह लूट से कमला नगर के व्यापारी दहशत में हैं, भीड़वाले मुख्य बाजार में बाइक सवार बदमाश एयरटेल पैमेंट बैंक के डिस्ट्रीब्यूटर सगे भाईयों से 10 लाख कैश लूट कर फरार हो गए। ( Agra Video News : Bikers Gang looted cash from Airtel Payment Bank distributor in Agra)
आगरा के कमला नगर के शांति नगर में सगे भाई नरेंद्र और महेश मोटवानी रहते हैं। वे एयरटेल पैमेंट बैंक के डिस्ट्रीब्यूटर हैं और सुल्तानगंज पुलिया पर आफिस है। गुरुवार रात नौ बजे आफिस बंद कर घर के लिए एक्टिवा से निकले थे, बैग में कलेक्शन के 10 लाख रुपये थे। महेश मोटवानी एक्टिवा चला रहे थे और नरेंद्र मोटवानी पीछे बैग पकड़ कर बैठे थे।
आंख में मिर्च पाउडर झोंका, तमंचा तानकर बैग लूट ले गए
रात नौ बजे दोनों भाई एक्टिवा से सुल्तानगंज की पुलिया से मुगल रोड होते हुए निकले। मुगल रोड से कुछ खाने के लिए श्रीराम चौक कमला नगर मुख्य बाजार की तरफ मुड़ गए, पीछे से आए पल्सर और अपाचे बाइक पर चार बदमाशों ने उनकी स्कूटी में लात मारी, इससे वे गिर गए। इसके बाद मिर्च का स्प्रे आंख में डाल दिया। कुछ समझ पाते, तमंचा तान दिया और बैग लूट कर बाइक से कमला नगर मुख्य बाजार से हाईवे और दूसरी बाइक सवार बदमाश मुगल रोड होते हुए भाग गए। आस पास के लोगों की आंख में भी मिर्च पाउडर गिर गया।
व्यापारियों में दहशत, कैश लेकर जाते हैं कारोबारी
इस घटना से कमला नगर के व्यापारियों में दहशत है। दुकान बंद करने के बाद व्यापारी कैश लेकर जाते हैं। सरेराह लूट की घटना से व्यापारियों में आक्रोश है।