आगरालीक्स…आगरा के ईदगाह स्टेशन पर चल रहे काम को देखने पहुंचे रेलवे महाप्रबंधक. अमृत भारत स्टेशन के रूप में बन रहा ये. इन स्टेशनों पर भी पहुंचे
महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे उपेन्द्र चंद्र जोशी द्वारा आजआगरा मण्डल के दौरे के अंतर्गत मथुरा जं. स्टेशन के साथ अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित हो रहे ईदगाह स्टेशन,आगरा फोर्ट स्टेशन व भूतेश्वर स्टेशन का गहन निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही महाप्रबंधक उपेन्द्र चंद्र जोशी द्वारा मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल के साथ आगरा कैंट से जमुना ब्रिज स्टेशन और आगरा कैंट से मथुरा – पलवल स्टेशन तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। महाप्रबंधक उपेन्द्र चंद्र जोशी द्वारा अपने विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान खंड में पड़ने वाले ईदगाह रेलवे स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
सर्वप्रथम महाप्रबंधक द्वारा ईदगाह रेलवे स्टेशन के भावी स्वरुप पर आधारित मॉडल का अवलोकन किया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चयनित ईदगाह स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों का महाप्रबंधक द्वारा विस्तृत जायजा लिया गया। इस दौरान यात्री प्रतीक्षालय, सयुक्त क्रू लॉबी,दोनों तरफ के प्रवेश द्वार आदि को देखा गया। स्टेशन की साफ़-सफाई को और बेहतर करने के निर्देश दिए गये। तदनुसार स्टेशन की पार्किंग, स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों और भविष्य की सुविधाओं पर उपस्थित अधिकारीयों से गहन चर्चा की गयी। इस दौरान स्टेशन पर कार्यरत कर्मचारियों से महाप्रबंधक द्वारा वार्तालाप किया गया तथा उनके ज्ञान की परख के साथ ही उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित को समाधान करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिएं
ईदगाह स्टेशन के निरीक्षण के पश्चात् महाप्रबंधक द्वारा विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए आगरा फोर्ट स्टेशन पहुंच कर रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया गया। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के क्रम में महाप्रबंधक द्वारा स्टेशन का सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन बिल्डिंग, यात्री सुविधाओं का आदि का अवलोकन किया गया। इस दौरान महाप्रबंधक द्वारा स्टेशन के ले-आउट प्लान को देखा गया। इसके साथ ही महाप्रबंधक द्वारा ट्रेन संचालन आदि के बारे में उपस्थित अधिकारियों से चर्चा की गयी। आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर द्वितीय प्रवेश द्वार निर्माण के साथ ही महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाएं प्रदान करने की बात कही।