आगरालीक्स……….आगरा में अनुशासित बसपा कार्यकर्ता हंगामा, नारेबाजी और डंडे लेकर बैठकों में विरोध कर रहे हैं। आगरा के मंडल कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने पदाधिकारियों पर रुपये लेने और गलत तरीके से पद बांटने के आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जोन प्रभारी का पुतला भी फूंका। हंगामा और नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता बसपा मंडल कार्यालय में घुस आए, उन्हें बमुश्किल बाहर निकाला जा सका। इसके वीडियो वायरल होने के बाद से खलबली मची हुई है।
बुधवार को बसपा के मंडल कार्यालय, कालिंदी विहार में आगरा मंडल की समीक्षा बैठक बुलाई गई थी। बैठक में आगरा के साथ मथुरा, मैनपुरी और फीरोजाबाद के संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। जबकि बसपा कार्यकर्ता कार्यालय के बाहर थे, उन्होंने मथुरा की छाता सीट से मनोज पाठक को प्रत्याशी बनाए जाने पर सवाल उठाए, एक फोटो दिखाया जिसमें मनोज पाठक भाजपा सरकार के उर्जा मंत्री श्री कांत शर्मा का स्वागत करते दिखाई दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के लिए सीट बांटने के लिए पैसे लिए गए और भाजपा जीत सके, इसके लिए बसपा के कमजोर प्रत्याशी या भाजपा के समर्थकों को ही बसपा ने प्रत्याशी बना दिया। कार्यकर्ताओं ने मथुरा के जिलाध्यक्ष को जोन प्रभारी बनाए जाने का भी विरोध किया। इसके बाद आगरा की एत्मादपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने भी पिछले दिनों एत्मादपुर विधानसभा अध्यक्ष बनाए गए चंद्रपाल को लेकर सवाल उठाए।
जोन प्रभारी का पुतला फूंका, डंडे लेकर घुसे

बसपा कार्यकर्ताओं ने मंडल कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जोन प्रभारी और जिला प्रभारियों का पुतला फूंका, पदाधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मंडल कार्यालय में घुस गए। उनके हाथों में डंडे थे, इसे देख कार्यालय में अफरा तफरी मच गई। पुतला फूंकने के बाद बसपा कार्यकर्ताओं ने मंडल कार्यालय के बाहर सडक पर काफी देर तक विरोध प्रदर्शन किया, इस दौरान कुछ देर तक यातायात भी बाधित रहा। इस मामले में बसपा के पदाधिकारी मीडिया में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। यह मामला हाईकमान तक पहुंच चुका है।