आगरालीक्स…ऑल इंडिया अंडर-19 प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट में पहले दिन रोमांचक मुकाबले, खेल नर्सरी सोनीपत, बैतूल हॉकी मध्य प्रदेश, नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर का जीत से आगाज
आगरा में ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह-बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट का शनिवार को शुभारंभ हुआ। प्राचीन युद्ध कला गतका के शानदार प्रदर्शन के बीच शुरू हुए टूर्नामेंट का खिताब जीतने के लिए देशभर की 12 टीम पांच दिन चलने वाले टूर्नामेंट में जोर आजमाइश करेंगी।
टूर्नामेंट के पहले दिन खेल नर्सरी सोनीपत, बैतूल हॉकी मध्य प्रदेश, नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर ने जीत से शुरुआत की। सेल हॉकी अकादमी राउरकेला और झांसी हॉस्टल के मध्य मैच बराबरी पर छूटा।
सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी व आगरा हॉकी मास्टर्स के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुए टूर्नामेंट का रंगारंग आगाज हुआ।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक व उत्तर प्रदेश हॉकी संघ के सचिव डॉ. आरपी सिंह, गुरुद्वारा गुरू का ताल के संत बाबा प्रीतम सिंह, छावनी परिषद के वेरिड बोर्ड सदस्य राजेश गोयल, पूर्व डिप्टी एसपी शरद चंद शर्मा, कर्नल संजय गोस्वामी, विनोद सीतलानी, डॉ. अशोक रैना, डॉ. कमल चौधरी, शिवकांत यादव, अमित रॉय, राहुल पालीवाल ने गुब्बारे छोड़कर व खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
सभी अतिथियों का स्वागत आयोजन सचिव राजीव सोई, अमिताभ गौतम, धर्मेन्द्र बघेल, अजय कुमार ने किया। उद्घाटन समारोह में प्राचीन युद्ध कला गतका का प्रभावशाली प्रदर्शन हुआ। गुरुद्वारा गुरू का ताल के साथियों ने गतका के प्रदर्शन से सभी को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया। देशभर से आए खिलाड़ियों ने भी गतका कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि डॉ. आरपी सिंह ने कहा कि लगातार दो ओलंपिक में पदक मिलने के बाद राष्ट्रीय खेल के प्रति दीवानगी बढ़ी है। टूर्नामेंट के लिए उन्होंने सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी व आगरा हॉकी मास्टर्स को बधाई दी। संत बाबा प्रीतम सिंह ने कहा कि अगले वर्ष से टूर्नामेंट को और बड़ा और भव्य बनाने की योजना बनाई जाएगी।
इस दौरान शाहिद अंसारी, गोपाल भगत, शैलेश सिंह, संजय नेहरू, आमीनउल्ला, फिरोज खान, फारुक, गर्जन सिंह, संजय गौतम, गौरव शर्मा, हरपाल सिंह चाहर आदि मौजूद रहे। संचालन गगन मदान, केपी सिंह यादव ने किया।
पहले दिन खेले गए चार मुकाबले
आयोजन सचिव राजीव सोई ने बताया कि लीग कम नॉकआउट आधार पर खेले जा रहे टूर्नामेंट में पहले दिन चार मुकाबले खेले गए।
पहले मुकाबले में खेल नर्सरी सोनीपत और हॉकी ट्रेनिंग सेंटर लुधियाना आमने-सामने थे। मैच में खेल नर्सरी सोनीपत ने शानदार खेल दिखाते हुए हॉकी ट्रेनिंग सेंटर लुधियाना को आसानी से 9-2 से हरा जीत दर्ज की। विजेता टीम के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले हिमांशु को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में पीएस हॉकी अकादमी जयपुर और बैतूल हॉकी मध्य प्रदेश के बीच भिड़ंत हुई। इस मैच को बैतूल हॉकी मध्य प्रदेश ने आसानी से 10-1 से जीत लिया। शिवा पंवार ने 6, फलेश कावरे ने 3 गोल किए। शिवा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मैच में सेल हॉकी अकादमी राउरकेला और झांसी छात्रावास की टीम खेलीं। यह मैच 2-2 से बराबरी पर छूटा। करन धनुक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
चौथे मैच में नवल टाटा अकादमी जमशेदपुर ने राजा करन सिंह अकादमी करनाल को आसानी से 10-2 से पराजित किया। जोलेन टोप्पो को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
निर्णायक जावेद, सुनील कुमार, धर्मेश राजपूत, शकील खान, बृजेश कुशवाह, सिद्धार्थ, अश्वनी सिंह, सुनील गुप्ता, सुनील चौधरी थे।
- Agra headlines
- Agra hindi news
- Agra latest news
- Agra Live news
- Agra news
- Agra News : Tough competition between teams on the first day of All India Under-19 Prize Money Hockey Tournament...#agra
- agra online news
- Agra today news
- Agra update news
- eklavya sporrts stadium agra
- hockey coach in agra
- hockey ground in agra
- hockey in agra