आगरालीक्स …आगरा के जगन्नाथ मंदिर में नंदोत्सव का एकादशी पर संध्या आरती के साथ शुभारंभ । ठोलक और मंजीरों की थाप। संकीर्तन की भक्तिमय स्वरलहरियां। ऐसे भक्तिमय वातावरण में जैसे ही निकुंज में झूले पर श्रीराधा और श्री कृष्ण के दर्शन हुए तो हर भक्त भगवान को बलिहारी करता हुआ नजर आया।
कमला नगर (रश्मि नगर) स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में एकादशी के पावन दिन झूलन यात्रा का आयोजन किया गया। इसके साथ ही नंदोत्सव का भी शुभारम्भ हो गया। अशोक की पवित्र पत्तियों से सजे निकुंज (बगीचे) में जैसे ही श्री राधा और श्री कृष्ण के दर्शन हुए चारों ओर राधारानी और श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजने लगे। दूसरी ओर जगन्नाथ भगवान भी झूले पर विराजमान थे। इससे पूर्व कीर्तन का आयोजन और अंत में प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में लगभग 400 से अधिक भक्तजन मौजूद थे।
नंदोत्सव की श्रंखला में 6 अगस्त को बलराम जयन्ती पर श्री बलराम जी का अभिषेक, 7 अगस्त से भागवत कथा का आयोजन, 15 अगस्त को जन्माष्टमी महोत्सव व 16 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ नंदोत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी अरविन्द स्वरूप दास ने दी। इस मौके पर मुख्य रूप से हरि विजय दास, राहुल बंसल, गौरव बंसल, केशव अग्रवाल, अमित बंसल, लड्डू भाई, अखिल बंसल, डॉ. मयंक मित्तल, अमित मित्तल, गोपाल नारायण, नीतेश अग्रवाल, ईदेश गोयल, ओमप्रकाश अग्रवाल आदि मौजूद थे।