आगरालीक्स…आगरा में आईएमए के डॉक्टरों का अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान. डॉक्टर को थप्पड़ मारने के बाद लॉकअप में बंद करने पर फैला आक्रोश…वीडियो में जानें क्या है पूरा मामला
आईएमए आगरा द्वारा पुलिस की ज्यादतियों के खिलाफ एक आपातकाल जनरल बॉडी मीटिंग बुलाई गई. इसमें शुक्रवार शाम से पूर्ण हड़ताल का निर्णय लिया गया है। डॉक्टर को थप्पड़ मारने और लॉकअप में बंद करने पर आक्रोश जताते हुए कित्सकों से भरे आईएमए भवन पर सभी डॉक्टरों ने एक स्वर में पुलिस की कार्यवाही की निंदा करते हुए ये कठोर कदम उठाने का निर्णय लिया।
कार टकराने के विवाद में मारा थप्पड़
आईएमए आगरा के सदस्य डॉ अविनाश सिंह की गाड़ी एक दूसरी गाड़ी से टकराने के बाद उनको सिकंदरा थाने लॉकअप में बंद कर दिया गया था। इसके बाद सभी डॉक्टरो में आक्रोश फैल गया और सभी सिकंदरा थाने पर एकत्रित हो गए। आईएमए आगरा के अध्यक्ष डॉ अनूप दीक्षित ने कहा कि किसी भी सूरत में कोई ज्यादती बर्दाश्त नहीं होगी। सचिव डॉक्टर रजनीश ने बताया कि पुलिस की ज्यादतियों के कारण शहर के नागरिकों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। अध्यक्ष निर्वाचित डॉक्टर पंकज नागयाच ने बताया कि आज की मीटिंग का निर्णय है।
शुक्रवार शाम 4 बजे से पूर्ण हड़ताल की घोषणा के साथ, आईएमए आगरा ने शहर के नागरिकों से समर्थन की अपील की है। कोषाध्यक्ष डॉक्टर मुकेश भारद्वाज ने कहा कि यह हड़ताल पुलिस की ज्यादतियों के खिलाफ एक मजबूत संदेश देगी और न्याय की मांग को मजबूत करेगी। सचिव ने बताया कि बैठक में चिकित्सा मंत्री को भी पत्र एवं मेल भेज कर सूचित किया जाएगा और मुख्यमंत्री महोदय से भी मिलने का समय लिया जा रहा है।
जानिए क्या है पूरा मामला
आगरा में गुरुवार को सर्जन डॉ. अविनाश सिंह अपने घर से सिकंदरा स्थित हॉस्पिटल के लिए जा रहे थे। डॉ. अविनाश सिंह का आरोप है कि कारगिल चौराहे, शास्त्रीपुरम में आगे चल रही कार के ब्रेक लगाए, गाड़ी के ब्रेक ना लगने से उनकी कार आगे चल रही कार में टकरा गई। आरोप है कि कार से ड्राइवर उतरा उसने गाली गलौज शुरू कर दी। डॉ. अविनाश सिंह अपनी कार लेकर वहां से निकल आए, थाना सिकंदरा के पास पहुंचने पर पुलिस कर्मियों ने उनकी गाड़ी रोक दी। आरोप है कि उसी दौरान उनको किसी ने थप्पड़ मारा, थप्पड़ किसने मारा यह उन्हें भी नहीं पता है। कार से एक महिला उतरीं और उनका वीडियो बनाने लगीं, इसके बाद उन्हें हवालात में बंद कर दिया।
थाना सिकंदरा पहुंचे आईएमए पदाधिकारी
साथी चिकित्सक डॉ. अविनाश सिंह के साथ हुई घटना की जानकारी होने पर आईएमए के पदाधिकारी थाना सिकंदरा पहुंच गए, उन्हें हवालात से बाहर निकलवया गया। आईएमए अध्यक्ष डॉ. अनूूप दीक्षित, सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा, अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. पंकज नगाइच सहित अन्य डॉक्टरों ने आक्रोश व्यक्त किया है और कार्रवाई की मांग की है।