आगरालीक्स…आगरा कैंट स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक के जरिए प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करने का दिया संदेश. रेलवे स्टेशनों को प्लास्टिक मुक्त बनाने की पहल
मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आगरा मंडल में "विश्व पर्यावरण दिवस पखवाड़ा" मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम "एंड प्लास्टिक पॉल्यूशन" (प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करें) निर्धारित की गई है।इस अभियान के अंतर्गत आगरा कैंट ,मथुरा जंक्शन, आगरा किला, ईदगाह जं.,राजा की मंडी व धौलपुर स्टेशनों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को स्टेशन डायरेक्टर आगरा कैंट संतोष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में आगरा कैंट स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा प्लास्टिक प्रदूषण को समाप्त करें विषय पर नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरुक किया गया। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य केवल स्टेशन परिसरों को प्लास्टिक मुक्त बनाना ही नहीं, बल्कि यात्रियों और आमजन में हरित सोच का विस्तार करना भी है। आगरा मंडल इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है कि जनभागीदारी से पर्यावरण की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।